बीमारी से अभावग्रस्त पारा शिक्षक की मौत
चंदवारा प्रखंड के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय टिकवाटाँड पारा शिक्षक अलखदेव पासवान (45) का इलाज के अभाव में मंगलवार लगभग 10 बजे हुई मौत अलखदेव पासवन 2003 से पारा शिक्षक में बहाली हुई थी। उनकी पत्नी मंजू देवी ने बताया कि मेरे पति अलखदेव पासवान पिछले एक सप्ताह से बीमार थे।
चंदवारा (कोडरमा) : कोडरमा जिला अंतर्गत चंदवारा प्रखंड के उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय टिकवाटांड़ के पारा शिक्षक अलखदेव पासवान (45) की मौत बेहतर इलाज के अभाव में मंगलवार की सुबह हो गई। वे पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे। सोमवार को उसने कोडरमा सदर अस्पताल में अपना इलाज कराया था लेकिन स्थिति में सुधार नहीं होने के कारण परिजन उसे रांची ले जाने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान सुबह 10 बजे उसकी मौत हो गई। मतदान के ठीक पहले शिक्षामंत्री नीरा यादव के गृह जिले में हुई इस दुखद घटना के बाद विपक्षी दल सत्ताधारी दल भाजपा के खिलाफ अपनी आवाज और मुखर कर दिए हैं। पारा शिक्षकों का मानदेय का भुगतान पिछले पांच-छह महीने से नहीं हो पाया है। अलखदेव पासवान की 2003 में पारा शिक्षक में बहाली हुई थी। उनकी पत्नी मंजू देवी ने बताया कि उनके पति अलखदेव पासवान पिछले एक सप्ताह से बीमार थे। पैसे के अभाव में ठीक तरह से इलाज नहीं करा पाए। कई बार ग्राम शिक्षा समिति के अध्यक्ष से इलाज के लिए पैसे मांगे, परंतु नहीं मिल पाया। उन्होंने कहा कि उनके पति को चुनाव के लिए ड्यूटी लगाई गई थी। बीआरसी चंदवारा स्थित कार्मिक कोषांग में कोडरमा चुनाव ड्यूटी से मुक्त कराने को लेकर आवेदन दिए थे, परंतु आवेदन को स्वीकार नहीं किया गया। उन्होंने बताया कि पिछले 5 माह वेतन नहीं मिला है। अभाव के कारण पौष्टिक आहार भी नहीं ले पा रहे थे। जिससे दिन प्रतिदिन उनके स्वास्थ्य मे गिरावट आ रही थी। कई व्यक्तियों से कर्ज भी मांगा गया पर नहीं मिल पाया। मानदेय नहीं मिलने परिवार के समक्ष विकट स्थिति खड़ी हो गई थी। मृतक पारा शिक्षक का तीन लड़का और एक लड़की है। गरीबी के हालात के कारण दो बेटे किसी निजी कंपनी में काम करते हैं। एक बेटा उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय ढाब का छात्र है। चंदवारा के ग्राम खांड़ी स्थित इनके कच्चा मकान में बदहाली इनकी दयनीय हालत को बयां कर रहा है। इनके निधन पर पारा शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष सुखदेव राणा, अरुण सिंह, सहदेव यादव, विजय आनंद, सुरेंद्र रविदास, सागरमल बैठा, लक्ष्मी साव, विजय यादव, मनोज यादव, समेत सैकड़ों पारा टीचर शोक व्यक्त किया है। संघ ने सरकार पर फोड़ा ठिकरा :
पारा शिक्षक संघ के प्रखंड अध्यक्ष सुखदेव राणा ने अलखदेव पासवान की मौत पर एक प्रेस विज्ञप्ति जारी कर झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। उन्होंने कहा कि अलखदेव 6 दिनों से बीमार चल रहे थे। छह महीने से मानदेय नहीं मिलने की वजह से सही इलाज नहीं ले पाए और असमय ही काल के गाल में समा गए। उन्होंने कहा कि रघुवर सरकार में काम के बावजूद छह-छह माह तक मानदेय नहीं मिल पाता है। इसका परिणाम है की पारा शिक्षक भयंकर आर्थिक कठिनाई झेलते हुए इलाज के अभाव में मौत का शिकार हो गए। पूर्व में भी इस तरह कई घटनाएं घट चुकी है। सरकार छह महीने बीत जाने के बाद मात्र एक महीने का मानदेय देकर केवल जिदा रखती है। पारा शिक्षक के निधन की खबर सुनकर प्रखंड के कई पारा शिक्षक स्वर्गीय अलखदेव पासवान के घर पहुंचे और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर तथा मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया। श्रद्धांजलि अर्पित करने व शोक व्यक्त करनेवालों में सुखदेव राणा, प्रखंड अध्यक्ष सुभाष सिंह, जिला कार्यकारिणी सदस्य शंभू यादव, प्रखंड महासचिव मनोज कुमार, जिला के सक्रिय पारा शिक्षक रामबचन पंडित, कपिल देव पांडे, आलोक कपूर, सिकंदर शर्मा, खूबलाल यादव, सुदामा पांडे, भोला यादव के साथ-साथ प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी अरुण कुमार बीपीओ प्रभु देव यादव आदि लोगो का नाम शामिल हैं।