खलिहान में आग लगने से धान जलकर राख
संवाद सूत्र मरकच्चो (कोडरमा) मध्य पंचायत स्थित पंचायत सचिवालय के समीप लक्षु पहाड़ी में सोमवार
संवाद सूत्र, मरकच्चो (कोडरमा): मध्य पंचायत स्थित पंचायत सचिवालय के समीप लक्षु पहाड़ी में सोमवार रात खलिहान में रखे धान में आग लग गई। इससे धान व पुआल जलकर राख हो गया।
मरकच्चो मध्य पंचायत निवासी किसान युगल माली, बसंत माली ने दो एकड़ खेत से धान की फसल कटाई कर खलिहान में रखा था। इसमें सोमवार रात आग लग गई। युगल माली व बसंत माली ने कहा, हम छोटे किसान हैं। हमारे पास अधिक जमीन नही है। दूसरों की जमीन बटाई पर करते हैं और इसी से परिवार का भरण-पोषण होता है। उन्होंने बताया कि मंगलवार सुबह खलिहान पर गया तो सारा धन जला हुआ था। धान का ढेर जल जाने से उनके परिवार के समक्ष भुखमरी की समस्या उत्पन्न हो गई है। उन्होंने बताया कि करीब 40 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। प्रखंड प्रमुख सावित्री देवी, मुखिया अशोक दास, कांग्रेस मो. नेता नूर आलम ने प्रशासन से सरकारी स्तर पर पीड़ित किसानों की मदद की मांग की है।
पिपराही गांव में 500 बोझा धान जलकर राख
संवाद सहयोगी, कोडरमा: चंदवारा थाना के पिपराही गांव में खलिहान में आग लगने से वहां रखा धान जलकर राख हो गया। मुबारक हुसैन ने बताया कि मंगलवार सुबह वह खलिहान पर पहुंचे तो देखा कि वहां रखा धान का बोझा जला हुआ है। परिवार के सभी सदस्यों ने मिलकर धान की फसल काटकर 500 बोझा बनाकर खलिहान लाए थे। घटना की सूचना पर चंदवारा थाना प्रभारी दुष्यंत सिंह दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और अगलगी के बारे में लोगों से पूछताछ की। मुबारक हुसैन ने प्रखंड प्रशासन से उचित मुआवजे की मांग की।