मछली व्यापारी से तीन लाख की लूट
नवलशाही थाना क्षेत्र के कोडरमा गिरिडीह मुख्य मार्ग पर कानीक
संवाद सूत्र, मरकच्चो (कोडरमा): नवलशाही थाना क्षेत्र के कोडरमा गिरिडीह मुख्य मार्ग पर कानीकेंद जंगल मोड़ के समीप दो बाइक पर सवार होकर आए 6 सड़क लुटेरों ने रिवाल्वर की नोक पर एक मछली व्यापारी से लगभग तीन लाख की नकदी राशि लूट ली व चलते बने। जानकारी के अनुसार घटना गुरुवार दिन के तीन बजे आसपास की है। मामले को लेकर भुक्तभोगी मछली व्यापारी राजधनवार थाना क्षेत्र के अरखांगो निवासी भगवानी साव ने थाना में आवेदन दिया है। दिए गए आवेदन में उन्होंने कहा है कि वह नवलशाही की ओर से लौटकर अपने घर अरखांगो वापस लौट रहा था ।इसी दौरान कोडरमा गिरिडीह मुख्य मार्ग पर कानीकेंद जंगल मोड़ के समीप दो बाइक पर सवार छह अपराधियों ने आंटो को ओवरटेक कर रुकवाया और दोनों तरफ से भगवानी साव व आटो चालक पर पिस्तौल तानकर भगवानी साव के पास से लगभग तीन लाख रुपए लूटकर चलते बने। मामले को लेकर नवलशाही थाना पुलिस मामला दर्ज करते हुए अपराधियों की धरपकड़ के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। पुलिस अभी तक घटना में शामिल अपराधियों को दबोचने में कामयाब नहीं हो पाई है।