चुटियारो में भव्य कलशयात्रा के साथ देवी शतचंडी महायज्ञ शुरू
प्रखंड के चुटियारो में भव्य कलश यात्रा के साथ नौ दिवसीय महायज्ञ का आयोजन
जयनगर (कोडरमा): प्रखंड के चुटियारो में भव्य कलशयात्रा के साथ नौ दिवसीय श्री श्री 1008 श्री देवी शतचंडी सह शिव प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ शुक्रवार से शुरू हो गया। यज्ञाचार्य द्वारा पूजा अर्चना के बाद ध्वजाधारी धाम के महंत महामंडलेश्वर सुखदेव दास जी महाराज के द्वारा कलश यात्रियों को रवाना किया गया। इस दौरान भाजपा नेत्री अन्नपूर्णा देवी, जिला परिषद के अध्यक्ष शालिनी गुप्ता, बरकट्ठा के पूर्व विधायक अमित कुमार यादव, जिला परिषद सदस्य महादेव राम आदि कई लोगों ने भी पूजा अर्चना कर कलश यात्रियों को रवाना किया। कलश यात्रा यज्ञ मंडप से निकल कर बिगहा होते हुए बराकर नदी तट के बेला घाट पहुंचे जहां यज्ञाचार्य द्वारा वैदिक मंत्रोच्चारण के बाद कलश यात्रियों ने अपने-अपने कलश में जल भरा। इसके पश्चात पुन: कलश यात्रियों ने चुटियारो स्थित यज्ञ मंडप पहुंचकर पूरे विधि विधान के साथ कलश स्थापित किया। इस दौरान जय माता दी, धर्म की जय हो, अधर्म का नाश हो, प्राणियों में सछ्वावना जगे, विश्व का कल्याण हो, जय श्री राम आदि कई नारे लगाए जा रहे थे। जबकि कलश यात्रियों के पीछे पीछे भक्ति जागरण का भी कार्यक्रम हो रहा था जिसमें नवयुवक खूब थिरक रहे थे। इस दौरान अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि यज्ञ के होने से पूरा क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो जाता है साथ ही मनुष्य में भाई चारगी का भाव जगने लगता है। उन्होंने कहा कि यज्ञ में प्रवचन और मंत्रोचार की ध्वनि जहां तक जाती है वहां तक क्षेत्र पवित्र हो जाता है। यज्ञ समिति के अध्यक्ष लखन साव तथा सचिव देव नारायण साव ने बताया कि 13 अप्रैल को पाठ प्रारंभ होगा। जबकि 14 अप्रैल को जलाधिवास, 15 अप्रैल को अन्नाधिवास, 16 अप्रैल को वस्त्राधिवास, 17 अप्रैल को घृताधिवास, 18 अप्रैल को जलाधिवास तथा 19 अप्रैल को देवी प्राणप्रतिष्ठा सह शिव प्राण प्रतिष्ठा का कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जबकि 20 अप्रैल को अखंड हरिकीर्तन तथा कन्या भोजन व भंडारा के साथ यज्ञ की समाप्ति होगी। उन्होंने बताया कि यज्ञ में प्रतिदिन रात्रि में बाल व्यास ओमकार शरण शास्त्री जी महाराज तथा कविता शास्त्री झांसी के द्वारा संगीतमय प्रवचन का भी आयोजन किया जाएगा। वहीं दूसरी ओर यज्ञ के समाप्ति के मौके पर 22 अप्रैल को दुगोला तथा 27 अप्रैल को भक्ति जागरण का कार्यक्रम आयोजन किया जाएगा। यज्ञ को सफल बनाने में अध्यक्ष, सचिव व कोषाध्यक्ष के अलावे उपाध्यक्ष टेकलाल साव, मीना साव, भरत साव, मुन्नीलाल साव, जगदीश साव, चुरामन साव, विजय साव, संतोष साव आदि जुटे हुए हैं। इस अवसर पर सुरेश यादव, कुमकुम देवी, सुधीर सिंह, सत्तार अंसारी, पोखराज राणा, बलराम राणा, विक्की राणा, सिकंदर यादव, श्यामदेव यादव, बीरेंद्र यादव सहित कई लोग शामिल थे।