14 प्रत्याशियों के भाग्य ईवीएम में हुआ कैद
कोडरमा संसदीय चुनाव के लिए सोमवार को लगभग 1
झुमरीतिलैया (कोडरमा): कोडरमा संसदीय चुनाव के लिए सोमवार को लगभग 18 लाख मतदाताओं ने कोडरमा संसदीय क्षेत्र अंतर्गत कोडरमा, बरकट्ठा, बगोदर, राजधनवार, गांडेय, जमुआ विधानसभा क्षेत्र के बूथों पर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, माले विधायक राजकुमार यादव, पूर्व मंत्री सह भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी समेत 14 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हुआ। पांचवें चरण के मतदान के बाद जीत-हार का आकलन क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों पर होने लगा है जो आगामी 22 मई तक जारी रहेगा। 23 मई को गिरिडीह में ईवीएम मशीन से मतगणना के उपरांत इस पर विराम लगेगा। इधर, चुनाव संपन्न होने के बाद जिला प्रशासन के द्वारा विभिन्न बूथों से गिरिडीह के लिए भारी सुरक्षा व्यवस्था के साथ ईवीएम मशीन को भेजा जा रहा है। सोमवार को आयोजित चुनाव में शिक्षा मंत्री डॉ. नीरा यादव अपने पति विजय यादव के साथ मतदान की। वहीं चाराडीह में भाजपा प्रत्याशी अन्नपूर्णा देवी, नवलशाही में जिप अध्यक्ष शालिनी गुप्ता के अलावा नगर पंचायत अध्यक्ष कांति देवी, उपाध्यक्ष कुलवीर सलूजा, नगर पर्षद अध्यक्ष प्रकाश राम, उपाध्यक्ष संतोष यादव समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने अलग-अलग बूथों पर मतदान किया। वहीं दूसरी ओर कई स्वयंसेवी संगठन, सामाजिक संगठन के लोगों ने भी अहले सुबह से ही वोट डालकर लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता दी।