कंटेनमेंट जोन में सैनिटाइजेशन नहीं होने से फूटा लोगों का गुस्सा
संवाद सहयोगी कोडरमा झुमरीतिलैया नगर परिषद के भदानी रोड में कंटेनमेंट जोन बनाए जाने क
संवाद सहयोगी, कोडरमा: झुमरीतिलैया नगर परिषद के भदानी रोड में कंटेनमेंट जोन बनाए जाने का लोगों ने शनिवार को विरोध किया। दरअसल भदानी रोड में बीते 31 मार्च को एक ही परिवार के 6 लोगों के कोरोना पाजिटिव पाए जाने के बाद उस पूरे एरिया को कंटेनमेंट जोन बनाकर सील कर दिया गया था। 12 दिन बीत जाने के बाद भी उक्त स्थल की साफ-सफाई व सैनिटाइजेशन नहीं होने पर लोगों ने विरोध करना शुरू कर दिया। लोगों का कहना था कि इस जगह को कंटेनमेंट जोन बने 11 दिन हो गए, न तो हमलोग सब्जी लेने के लिए निकल पा रहे हैं। ना ही बच्चों को दूध मिल पा रहा है। वहीं प्रशासन की ओर से किसी प्रकार की मदद की पहल भी नहीं की जा रही है। लोगों ने कंटेनमेंट जोन में रह रहे परिवारों की जरूरतों को पुरा करने में प्रशासन से मदद की अपील की है। नगर प्रशासक कौशलेश कुमार के कंटेनमेंट जोन पहुंचते ही लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और प्रशासन के विरोध में नारेबाजी की। लोगों ने आरोप लगाया कि नगर प्रशासन कंटेनमेंट जोन बनाकर सरकारी बिल बना रही है लेकिन कंटेनमेंट जोन में रह रहे लोगों को किसी प्रकार की सुविधा नहीं दी जा रही है। वहीं कई लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि एक भी बार संक्रमित परिवार के आसपास रहने वालों के घरों को सैनिटाइज नहीं किया गया और न ही संक्रमित लोगों का दुबारा जांच किया जा रहा है। तकरीबन आधे घंटे तक भदानी रोड के निवासी नगर प्रशासक से उलझते रहे। इस दौरान संक्रमितों ने भी कंटेनमेंट जोन के अंदर रहते हुए नगर प्रशासक के साथ बहस की और उनपर कई गंभीर आरोप भी लगाए। :::::लोगों का आरोप निराधार: कौशलेस:::::
लोगों के विरोध के कारण नगर प्रशासक को भदानी रोड से वापस लौटना पड़ा। नगर प्रशासक कौशलेस कुमार ने बताया कि शहर में बनाए गए तमाम कंटेनमेंट जोन में सरकार के गाइड लाइन का पालन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कंटेनमेंट जोन में लगातार साफ-सफाई की गई है और अगर लोगों को कोई समस्या है तो वे बताएं उसे पूरा किया जाएगा। उन्होंने वहां मौजूद लोगों के आरोपों को गलत बताते हुए इसपर अफसोस जाहिर किया।