डेली वेजेज कर्मचारी के खाते में गए 64 लाख
झुमरीतिलैया नगरपर्षद के एक डेली वेजेज कर्मचारी विनोद कुमार यादव के खाते में 64 लाख रुपया गया तो कई हसीन सपने उसकी आंखों के सामने तैरने लगे। उसने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि इतनी बड़ी राशि उसके खाते में इस तरह आएगा
कोडरमा : झुमरीतिलैया नगर पर्षद के एक डेली वेजेज कर्मचारी विनोद कुमार यादव के खाते में 64 लाख रुपया गया तो कई हसीन सपने उसकी आंखों के सामने तैरने लगे। उसने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि इतनी बड़ी राशि उसके खाते में इस तरह आएगी।
दो-तीन दिन तक तो वह अपना मोबाइल का स्विच ऑफ कर अंदर ही अंदर यह पता करने में जुट गया कि आखिर यह चमत्कार हुआ कैसे। इस बीच उसने अपने खाते से करीब 25 हजार की निकासी भी कर ली। लेकिन, इस बीच निफ्ट के माध्यम से उसके खाते में राशि भेजने वाले झुमरीतिलैया नगर पर्षद के लेखापाल और खजांची के हाथ-पांव फूलने लगे। इसके बाद उसकी खोजबीन शुरू हो गई। नगर पर्षद के कर्मी विनोद के यहां जा धमके और बताने लगे कि गलती से यह राशि उसके खाते में चली गई है। यह सुनते ही सपनों की उड़ान भर रहे विनोद की आकांक्षाओं को झटका लगा। घटना बीते सप्ताह की है। दरअसल नगर पर्षद को उक्त राशि का भुगतान सड़क निर्माण की एक योजना के कार्य के एवज में विनोद के ही हमनाम नगर पर्षद के ठेकेदार विनोद कुमार यादव को करना था। इसके लिए ऑनलाइन जो पे ऑर्डर निकाला गया वह नगर पर्षद के सफाई जमादार के रूप में कार्यरत डेली वेजेज कर्मी विनोद कुमार यादव का निकल गया। इसके बाद निफ्ट के माध्यम से उक्त राशि सफाई जमादार विनोद के खाते में हस्तांतरित कर दी गई। बाद में इसकी भनक लगने के बाद खोजबीन शुरू हुई तो नगर पर्षद के कर्मियों को वास्तविकता का पता चला। बहरहाल राशि को वापस करने के लिए संबंधित बैंक एसबीआइ में सफाई जमादार विनोद कुमार यादव का खाता ब्लॉक कराया गया है। चूंकि इनका खाता जन-धन का है इसलिए इतनी बड़ी राशि को वापस करने के लिए भी कई प्रक्रिया अपनाई जा रही हैं। नगर पर्षद के खजांची के अनुसार सफाई जमादार विनोद कुमार यादव राशि वापसी की प्रक्रिया में पूर्ण सहयोग कर रहा है। शीघ्र ही आवश्यक प्रक्रिया कर राशि उसके खाते से वापस कर ली जाएगी।