प्रेमिका के घर युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत
कर्रा के जरियागढ़ में एक युवक की मौत हो गई।
प्रेमिका के घर युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत
संसू, कर्रा : जरियागढ़ थाना क्षेत्र के मुरेचकेल ग्राम निवासी संतोष कुमार सिंह (25 वर्ष) की गांव में ही स्थित प्रेमिका के घर संदिग्ध परिस्थितियों में मृत्यु हो गई। इस संबंध में स्वजनों के आवेदन पर जरियागढ़ थाना में हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है और पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है। ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार रांची पुलिस लाइन में गाड़ी चलाने वाले संतोष कुमार सिंह का गांव की ही एक महिला से प्रेम प्रसंग चल रहा था। गुरुवार को वह अपने घर आया था, पर घर न जाकर अपनी प्रेमिका के घर चला गया और वहां प्रेमिका के घर वालों से गाली—गलौज कर मारपीट करने लगा। इसकी सूचना रात में ही जरियागढ़ थाना को दी गयी तो जरियागढ़ थाना की पुलिस रात में दो बार जग निवास शाहदेव के घर गयी। लेकिन पुलिस को देख संतोष दोनों बार भाग गया। संतोष के इस आक्रामक व्यवहार से डरकर प्रेमिका के पिता जगनिवास ने परिवार के साथ दूसरे के घर में रात गुजारी। शुक्रवार सुबह जगनिवास के लडके ने घर जाकर देखा, तो दरवाजा टूटा हुआ था और अन्दर कमरे में संतोष कुमार सिंह सोया हुआ था। इसकी सूचना संतोष सिंह के भाई ओमप्रकाश सिंह को दी गयी। ओमप्रकाश ने जब वहां जाकर देखा, तो पाया कि उसका भाई मृत पड़ा था। तत्पश्चात इसकी सूचना जरियागढ़ पुलिस को दी गयी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया के बाद शव को कब्जे में किया और सदर अस्पताल मे पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया। मामले के अनुसंधान के लिए तोरपा एसडीपीओ ओमप्रकाश तिवारी, इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह, थानेदार पंकज कुमार व सशस्त्र बल के जवानों के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। एसडीपीओ ओम प्रकाश तिवारी ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का।