सड़क दुर्घटना में तीन घायल, आधे घंटे सड़क जाम
खूंटी-सिमडेगा मुख्य पथ के रिडुम के पास दो बाइक के बीच हुई टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने लगभग आधे घंटे तक सड़क को जाम कर दिया।
तोरपा : खूंटी-सिमडेगा मुख्य पथ के रिडुम के पास दो बाइक के बीच हुई टक्कर में तीन लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने लगभग आधे घंटे तक सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम रहने के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। घटना की सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह व थाना प्रभारी अरविद कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों को समझा-बुझाकर सड़क जाम हटाया। इसके बाद सड़क पर वाहनों का आवागमन सुचारू रूप से होने लगा। जानकारी के अनुसार रविवार की शाम करीब छह बजे रिडुम के पास आमने सामने से दो बाइक की टक्कर हो गई। घटना में अलंकेल के रामकिशोर साहू व बारकुली के सोमरा आइंद और लिमड़ा के मुकेश लकड़ा घायल हो गए। इसके बाद आसपास के ग्रामीण घटनास्थल के पास लाठी-डंडे के साथ पहुंच गए और सड़क को जाम कर दिया। सड़क जाम करने वाले ग्रामीण रिडुम में सड़क पर गति अवरोधक बनाने की मांग कर रहे थे। जामस्थल पर पुलिस ने सड़क पर गति अवरोधक बनाने के लिए पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों से बात करने की आश्वासन देने के बाद ग्रामीणों ने जाम हटाया। वहीं, पुलिस तीनों घायलों को 108 एंबुलेंस से तोरपा अस्पताल भेजवाया। जहां तीनों घायलों का इलाज चल रहा है। तोरपा में घटी दूसरी दुर्घटना में हिल चौक के निवासी भाजपा युवा मोर्चा के उपाध्यक्ष नीरज जायसवाल को पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने धक्का मार दिया। वाहन के धक्के से घायल नीरज जायसवाल का प्राथमिक उपचार तोरपा रेफरल अस्पताल में कराया गया।