Lok Sabha Election 2019: स्टार वार के बाद खूंटी में पता चलेगा हवा का रुख
Lok Sabha Election 2019. मौसम की तपिश के साथ चुनावी गर्मी भी तेजी से बढ़ रही है। लेकिन अभी तक कोई भी स्टार प्रचारक उनके चुनाव अभियान के साथ नहीं जुड़ सका है।
खूंटी, जागरण संवाददाता। Lok Sabha Election 2019- मौसम की तपिश के साथ चुनावी गर्मी भी तेजी से बढ़ रही है। इस गर्मी में भी प्रत्याशी गांव, जंगल, पहाड़ से लेकर मोहल्लों तक दौड़ लगा रहे हैं। लेकिन अभी तक कोई भी स्टार प्रचारक उनके चुनाव अभियान के साथ नहीं जुड़ सका है।
पार्टी के बड़े नेताओं के नहीं पहुंचने के कारण प्रत्याशी को अपने ही दल एवं गठबंधन दल के नेताओं का भरपूर सहयोग नहीं मिल रहा है। शायद स्टार प्रचारकों के आने के बाद हवा का रुख किस तरफ है, लोगों को समझ में आने लगे। खूंटी लोकसभा चुनाव के लिए मतदान में अब महज एक सप्ताह से भी कम समय बचा है।
यहां छह मई को मतदान होना है। एक मई से खूंटी लोकसभा क्षेत्र में स्टार प्रचारकों का दौरा शुरू होने जा रहा है। दो मई को कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की सिमडेगा में सभा है। इसकी तैयारी जोरों पर चल रही है। सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिमडेगा पहुंचे और तैयारी का जायजा लिया।
राहुल गांधी के साथ मंच पर झाविमो प्रमुख एवं राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी तथा पूर्व मुख्यमंत्री एवं झामुमो के कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन भी उपस्थित रहेंगे। महागठबंधन के प्रत्याशी कालीचरण मुंडा लगातार अपने प्रचार अभियान में लगे हुए हैं। लेकिन महागठबंधन दलों के कुछ नेता खुलकर उनका साथ नहीं दे रहे हैं।
उधर, राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रत्याशी अर्जुन मुंडा स्वयं कमान संभाले हुए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश जगाने एवं जीत का मंत्र देने तीन मई को खूंटी आ रहे हैं। इसके पूर्व एक मई को ड्रिम गर्ल हेमा मालिनी एवं जयाप्रदा के भी सिमडेगा एवं तमाड़ आने की सूचना है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।