नामजद आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी करें : एसपी
संसू रनिया पुलिस
नामजद आरोपितों की शीघ्र गिरफ्तारी करें : एसपी
संसू, रनिया : पुलिस अधीक्षक खूंटी अमन कुमार ने सोमवार को रनिया थाना का निरीक्षण किया। एसपी ने थाने में दर्ज किए गए मामलो के निष्पादन एवं कांड में आरोपित बनाए गए लोगों के बारे में जानकारी दी। साथ ही अभिलेखों का निरीक्षण कर कांड के निष्पादन की वर्तमान स्थिति को जाना। एसपी ने थाना प्रभारी रनिया जितेंद्र कुमार यादव को गंभीर मामलों में दर्ज कराए गए कांडों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ससमय आरोप पत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने के अलावा नामजद लोगों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने थाने में आने वाले फरियादियों को फ्रेंडली पुलिस के तहत उनसे बर्ताव करते हुए उनके मामलो को गंभीरता से लेने व उसपर यथोचित कार्रवाई करने की बात कही। मौके पर एसपी ने थाने में पदस्थापित पुलिस पदाधिकारियों व जवानों से भी मुलाकात कर उनकी समस्याओं के संबंध में जानकारी ली। साथ ही उन्हें पूरी ईमानदारी व निष्ठा के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की बात कही। एसपी ने थाना परिसर का भी मुआयना कर वहां की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। मौके पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी तोरपा ओमप्रकाश तिवारी, थानाप्रभारी रनिया जितेंद्र यादव, पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार के अलावा अन्य पुलिस पदाधिकारी व कर्मी मौजूद थे।