जमानत नहीं मिलने से निराश सेना के जवान ने की आत्महत्या
कर्रा थाना क्षेत्र के चलडांडू गांव निवासी सेना के जवान 25 वर्षीय सूरजन मिज ने बुधवार की रात पेड़ में फंदा डालकर आत्महत्या कर ली।
जागरण संवाददाता, खूंटी/कर्रा : कर्रा थाना क्षेत्र के चलडांडू गांव निवासी सेना के जवान 25 वर्षीय सूरजन मिज ने बुधवार की रात पेड़ में फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। सूरजन मिज 47आरआर जम्मू कश्मीर में पदस्थापित था।
जानकारी के अनुसार कर्रा प्रखंड की एक लड़की ने सेना के जवान के खिलाफ न्यायालय में शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और अब नौकरी मिलने के बाद शादी से इनकार करने का मामला दर्ज कराया था। मामला दर्ज होने के बाद सेना का जवान कुछ दिनों पहले गांव आया और न्यायालय से जमानत के लिए प्रयास कर रहा था, लेकिन जमानत नहीं हो पा रही थी। इसे लेकर सूरजन मिज कुछ दिनों से काफी तनाव में चल रहा था। बताया गया कि सेना का जवान इस मामले में आत्मसमर्पण करने न्यायालय गया था, लेकिन आत्मसमर्पण नहीं किया। बुधवार की रात गांव से एक किलोमीटर दूर सरजुलूम बगीचा स्थित एक बरगद के पेड़ की डाली पर प्लास्टिक की रस्सी से फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। गुरुवार की सुबह सात बजे ग्रामीणों ने देखा कि बगीचा के पेड़ में एक व्यक्ति की शव लटक रहा है। पास जाकर देखा तो पेड़ पर लटका शव सेना के जवान सूरजन मिज का है, तभी ग्रामीणों ने घटना की जानकारी उसके स्वजनों को दी। जानकारी मिलते ही उसके स्वजन घटनास्थल पर पहुंचे और पेड़ में लटके शव को देखकर सभी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया था। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी कर्रा थाना पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही कर्रा थाना पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल खूंटी भेजा। शव का पोस्टमार्टम कराने के बाद पुलिस ने उसे स्वजनों को सौंप दिया।
लंबे समय से चल रहा था प्रेम प्रसंग
जानकारी के अनुसार सेना के उक्त जवान और लड़की के बीच वर्ष 2014-15 से ही प्रेम संबंध चल रहा था। इस बीच दोनों के बीच शारीरिक संबंध भी बना। लड़का हमेशा से ही शादी करने का आश्वासन देता था। इस बीच लड़के की सेना में नौकरी लग गई। लड़की के अनुसार नौकरी मिलने के बाद से ही वह शादी करने से इनकार कर रहा था। बार-बार शादी से इनकार करने के बाद लड़की ने न्यायालय में लड़का के खिलाफ मामला दर्ज करवाया। न्यायालय से मामला कर्रा थाना को भेजा गया। इस मामले में सेना के जवान के खिलाफ वारंट भी निर्गत हुआ था।