अब बहुरेंगे बिरसा मुंडा जिला पुस्तकालय के दिन
खूंटी उपायुक्त शशि रंजन और अनुमंडल पदाधिकारी हेमंत सती ने अन्य अधिकारियों के साथ सोमवार
खूंटी : उपायुक्त शशि रंजन और अनुमंडल पदाधिकारी हेमंत सती ने अन्य अधिकारियों के साथ सोमवार को बिरसा मुंडा जिला पुस्तकालय का निरीक्षण किया। उपायुक्त के निर्देश पर जिला पुस्तकालय की व्यवस्थाओं को सुदृढ करने के कार्य किए जा रहे हैं। उपायुक्त ने निरीक्षण के दौरान पुस्तकालय में पेयजल व शौचालय की समुचित व्यवस्था का निर्देश अधिकारियों को दिया। उन्होंने कहा कि पुस्तकालय में अन्य व्यवस्थाओं पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए। डीसी ने पुस्तकालय में किताबों के सही रखरखाव के निर्देश दिए, ताकि छात्र-छात्राओं को यहा पर अपने पाठ्यक्रम व प्रतिस्पर्धा की पुस्तकों के अध्ययन के लिए उचित व्यवस्था मिल सके। उन्होंने परिसर में कैंटीन की व्यवस्था करने का भी निर्देश दिया। मौके पर उपायुक्त व अनुमंडल पदाधिकारी सहित अन्य अधिकारियों द्वारा पुस्तकालय परिसर में पौधारोपण किया गया। उन्होंने जिला कृषि पदाधिकारी को निर्देश दिया कि पुस्तकालय का सौंदर्यीकरण महत्वपूर्ण है। इसके लिए सोमवार को लगभग 50 फूलदार पौधे लगाए गए। इस दौरान पुस्तकालय को अधिक जनोपयोगी बनाने एवं अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को पुस्तकालय से जोड़ने सहित कई मुद्दों पर चर्चा की गई।