दिव्यांग युवती के साथ दुष्कर्म, आरोपित गिरफ्तार
जिले के कर्रा थाना क्षेत्र के एक गांव में 19 वर्षीया दिव्यांग युवती के साथ 60 वर्षीय व्यक्ति द्वारा महीनों से दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना का खुलासा तब हुआ जब युवती गर्भवती हो गयी। मामले की जानकारी मिलने पर पीड़िता के परिजन बुधवार को कर्रा थाना पहुंचे और प्राथमिकी दर्ज कराई।
कर्रा : जिले के कर्रा थाना क्षेत्र के एक गांव में 19 वर्षीया दिव्यांग युवती के साथ 60 वर्षीय व्यक्ति द्वारा महीनों से दुष्कर्म किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। मानवता को शर्मसार करने वाली इस घटना का खुलासा तब हुआ, जब युवती गर्भवती हो गयी। मामले की जानकारी मिलने पर पीड़िता के परिजन बुधवार को कर्रा थाना पहुंचे और प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित चेड़ेया मुंडा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, पीड़िता की चिकित्सकीय जांच सदर अस्पताल में कराई गई।
दर्ज प्राथमिकी में पीड़िता के भाई ने बताया कि वह दूसरे राज्य में काम करता है और यहां घर पर उसकी दिव्यांग बहन अपनी भाभी के साथ रहती है। लॉकडाउन होने पर जब वह वापस अपने घर लौटा तो पता चला कि उसकी बहन की तबीयत ठीक नहीं थी। जब उसे डॉक्टर को दिखाया गया तो पता चला कि उसके गर्भ में पांच माह का बच्चा है। इस पर उसने अपनी बहन से पूछताछ की तो उसने बताया कि गांव के ही 60 वर्षीय चेड़ेया मुंडा छह माह पूर्व उसे जंगल की ओर ले गया था और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद वह लगातार उसके साथ दुष्कर्म करता रहा और बराबर यह धमकी भी देता रहा कि यदि किसी को बताया तो जान से मार देगा। जानकारी के अनुसार आरोपित चेड़ेया मुंडा हाट-बाजार में अस्थाई दुकान लगाता है।