ग्राम सभा की पहल पर हुआ प्रेमी युगल का विवाह
प्रखंड अंतर्गत डोड़मा ग्राम सभा की पहल पर गुरुवार को ग्रामीणों ने पहल करके प्रेमी युगल की शादी करायी। गांव में स्थित शिव मंदिर के स्थान पर जुटे पुरुष व महिलाएं इस शादी के गवाह बने।
तोरपा : प्रखंड अंतर्गत डोड़मा ग्राम सभा की पहल पर गुरुवार को ग्रामीणों ने पहल करके प्रेमी युगल की शादी करायी। गांव में स्थित शिव मंदिर के स्थान पर जुटे पुरुष व महिलाएं इस शादी के गवाह बने।
ग्रामीणों ने बताया कि डोड़मा गंगईटोली निवासी बिरसा भेंगरा का कर्रा थाना क्षेत्र के डुमारी की रहने वाली जगरानी कश्यप के साथ कई सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बिरसा का आना-जाना डुमारी में लगा रहता था। इसी बीच दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया बिरसा आएदिन जगरानी के यहां आया-जाया करता था। इसके बाद दोनों ने अपने अपने माता-पिता से विवाह करने की इच्छा जतायी परंतु लड़की के बहन व बहनोई को अच्छा नहीं लग रहा था। दोनों काफी दिनों तक चोरी-छिपे मिलते रहे और आखिर में लड़की भागकर लड़के के पास आ गयी। इसके बाद यह बात जब ग्रामीणों को पता चली तो दोनों के आधार कार्ड देखे गए, जिसमें दोनो बालिग दिखे। यह देखकर शादी करा देने का प्रस्ताव दिया गया और गुरुवार को डोड़मा शिव मंदिर में ग्राम प्रधान कलिया मुंडा के नेतृत्व में पुरोहित कपीलनाथ कर तथा अमर हजाम की देखरेख में प्रेमी जोड़े की शादी संपन्न करा दी गयी। मौके पर लड़की के पिता बुधना भेंगरा, राम भेंगरा, सोमा होरो, किशोर महतो, प्रहलाद महतो, भरत मांझी, मन बहाल महतो, राजकुमार महतो सहित कई लोग उक्त शादी के गवाह बने।