Move to Jagran APP

घने कोहरे ने बढ़ाई ठंड

उत्तराखंड के शीतलहर की चपेट में आने का असर खूंटी जिले में भी दिखने लगा है। शुक्रवार की सुबह घने कोहरे ने मौसम एकदम बदल दिया।

By JagranEdited By: Published: Fri, 13 Dec 2019 07:53 PM (IST)Updated: Fri, 13 Dec 2019 07:53 PM (IST)
घने कोहरे ने बढ़ाई ठंड
घने कोहरे ने बढ़ाई ठंड

खूंटी : उत्तराखंड के शीतलहर की चपेट में आने का असर खूंटी जिले में भी दिखने लगा है। शुक्रवार की सुबह घने कोहरे ने मौसम एकदम बदल दिया। भोर में इतना अधिक कोहरा था कि 100 फीट की दूरी पर भी साफ नहीं दिखाई दे रहा था। कोहरे से ठंड में इजाफा हो गया। सुबह नौ बजे तक सड़कों पर वाहन रेंगते रहे। कोहरे के चलते सड़कों पर वाहन रेंगते रहे। लोग चार पहिया व दो पहिया वाहन की हेडलाइट जलाकर चलने को मजबूर हुए। सुबह के समय कड़ाके की ठंड के बीच बच्चों को स्कूल जाना पड़ा। नौ बजे के बाद धूप निकलने पर लोगों को ठंड से राहत मिली लेकिन, कुछ ही देर बाद आसमान में बादल छा गए और धूप गायब हो गयी।

prime article banner

-----------------------

बॉक्स ..

ठंड से बचने के उपाय

सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने बताया कि ठंड का मौसम शुरू होते ही इसका असर त्वचा, शरीर और शारीरिक गतिविधियों पर पड़ने लगता है। सर्दियों में भूख बढ़ जाती है और शारीरिक मेहनत कम हो जाती है। लेकिन, छोटी-छोटी बातों के साथ सुबह की शुरुआत की जाए तो यह मौसम हमारे स्वास्थ्य व सौंदर्य के लिए वरदान साबित होगा। उन्होंने बताया कि सात ऐसे बेहतरीन उपाय हैं, जिनके जरिये हम ठंड से बच सकते हैं।

1. बिस्तर छोड़ने से पहले व्यायाम : जैसे ही आप बिस्तर से उठते हैं तो अपने शरीर को तानिए और ढीला छोड़िए। फिर से तानिए और ढीला छोड़िए। चार-पांच बार इस क्रिया को दोहराइए। ऐसा करने से शरीर में गर्मी के तापक्रम में वृद्धि होगी। यदि आपके पास समय है तो एक ही स्थान पर खड़े होकर कुछ देर जॉगिग कीजिए। ऐसा करने से भी शरीर में चुस्ती-फुर्ती आएगी और आपके अगले काम फटाफट होंगे।

2. उबटन स्नान और ताजगी : स्नान में साबुन को अधिक महत्व न दीजिए। कोई सा भी उबटन लगाइए। बांहों, पैरों, घुटनों, पीठ एवं गर्दन को उबटन से रगड़िए, उसके बाद नहाइए। फिर खुरदरे तौलिए से बदन पोंछिए। इस तरह के स्नान से ताजगी, चुस्ती और गर्मी महसूस होगी।

3. डटकर खाइए : इन दिनों भूख अधिक लगती है और भूखे पेट सर्दी अधिक लगती है। सुबह पौष्टिक नाश्ता भरपूर कीजिए। खाने में भरपूर ऊर्जा प्रदान करने वाला भोजन कीजिए। इसमें प्रोटीन, पनीर, दूध, अनाज, आलू, ताजे फल और हरी सब्जियों का सेवन कीजिए। गरमागरम सूप लेना भी इन दिनों अच्छा रहता है।

4. गर्म कपड़े भरपूर पहनें : मौसम के अनुसार कपड़ों का चयन कीजिए। शोख रंगों को अपनाइए। सर्दी से बचाव का बढि़या तरीका है एक ही भारी-भरकम गर्म लबादे के बजाए पतली तह वाले कई गर्म कपड़े पहनिए। अंदर के वस्त्र कॉटन के ही हों तो बेहतर होगा। दस्ताने और मौजे पहनने से कतराइए नहीं इनसे आपको आराम भी मिलेगा और त्वचा की सुरक्षा भी होगी।

5. पैदल चलिए : यदि आप कामकाजी हैं और ऑफिस आपके घर से ज्यादा दूर नहीं है तो संभव हो सके तो आप पैदल ही जाइए। इससे रक्त संचार बढ़ेगा, जो सर्दी को कम करेगा। इस मौसम में लिफ्ट का प्रयोग कम से कम कीजिए। दिन में दो-चार बार सीढि़यां अवश्य चढि़ए। इससे शरीर का व्यायाम भी होगा और गर्मी भी आएगी। यदि आपका काम पैदल चलने का अधिक नहीं है तो जब भी समय मिले घर में ही तेज चाल से कुछ देर चलिए। पैदल चलना शरीर को गर्मी पहुंचाता है।

6. हाथ-पैरों को बचाएं : एड़ियां व होंठों को फटने से बचाएं। पैरों की मालिश करके सर्दी से बचाएं। घर में स्लीपर के साथ मोजे पहने रहें। बिवाई नहीं पड़ेगी। होंठों पर वैसलीन व चैपस्टिक लगाते रहें, इससे ये सूखेंगे नहीं।

7. कमरे का तापक्रम : बहुत अधिक गरम या एयर कंडीशनरयुक्त कमरे में न सोएं। इससे आप सर्दी से तो बच जाएंगे पर सुबह उठने पर आप अपने आपको तरोताजा महसूस करने की अपेक्षा सुस्ती से घिरा पाएंगे।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.