हरे कृष्ण प्रचार केंद्र में आज मनेगी जन्माष्टमी
वैष्णव पंचांग व इस्कॉन के अनुसार बुधवार को हरे कृष्ण प्रचार केंद्र पिपरा टोली खूंटी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनायी जाएगी। भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव शारीरिक दूरी का पालन करते हुए हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा।
खूंटी : वैष्णव पंचांग व इस्कॉन के अनुसार बुधवार को हरे कृष्ण प्रचार केंद्र, पिपरा टोली, खूंटी में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी मनायी जाएगी। भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव शारीरिक दूरी का पालन करते हुए हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। यह जानकारी हरे कृष्ण प्रचार केंद्र के संचालक इस्कॉन भक्त शुकामृत दास ने दी।
उन्होंने बताया कि सरकारी नियम के तहत इस महोत्सव में बाहरी लोगों का प्रवेश वर्जित होगा। आमजनों के लिए फेसबुक यूट्यूब एवं इलेक्ट्रॉनिक स्पीकर के द्वारा श्रीकृष्ण जन्म उत्सव की कथा उनके कानों तक पहुंचाई जाएगी। उन्होंने बताया कि बुधवार की सुबह 3.55 बजे ब्रह्मा मुहूर्त में भगवान नाम मंगलाचरण, 4.30 बजे मंगल आरती, 5.00 जप, 7.30 बजे गुरु पूजा एवं दर्शन आरती, 8.00 बजे कृष्ण कथा, पूर्वाह्न 11.30 बजे भजन कीर्तन, 12.30 दोपहर आरती, शाम 6.30 बजे तुलसी आरती व संध्या आरती का आयोजन होगा। वहीं रात नौ बजे कृष्ण कथा, 10.30 बजे रात्रि कीर्तन, 11.30 बजे 56 भोग, 12 बजे महाआरती होगी और महाप्रसाद का वितरण किया जाएगा। दूसरे दिन गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय कृष्ण भावना मृत संघ के संस्थापक आचार्य एसी भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद का आविर्भाव दिवस उत्सव मनाया जाएगा। इस दौरान आमजनों के बीच छप्पन भोग का भंडारा होगा।