लगातार हो रही बारिश से गिरा मकान, बाल-बाल बची वृद्धा
दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
संवाद सूत्र, तोरपा : दो दिनों से लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। बारिश से लोगों को काफी नुकसान भी हो रहा है। प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न गांव में खपरैल के कच्चे मकान गिरकर क्षतिग्रस्त हो रहे है। बारिश के दौरान तोरपा प्रखंड के कमड़ा बड़का टोली में कमल नाग का घर गिर गया। कमल ने बताया कि खपरैल के मकान में पानी घुस जाने के कारण गुरुवार की रात ध्वस्त हो गया है। जिस वक्त मकान गिरा उस वक्त उसकी मां 75 वर्षीय पोलिना नाग घर के अंदर ही सो रही थी। मकान गिरने के दौरान वह किसी तरह बच निकली। मकान गिरने के बाद उसे खपड़ा व मिट्टी हटा कर बाहर निकाला गया। कमल ने बताया कि समय रहते बाहर निकाल लिए जाने से जान का नुकसान तो नहीं हुआ पर खाने-पीने समेत आवश्यकता के अन्य जरूरी सभी सामान नष्ट हो गया है। उन्होंने बताया कि उन्हें पीएम आवास का लाभ भी नहीं मिला है। किसी तरह मजदूरी कर अपने घर परिवार का भरण पोषण करते हैं। अब क्षतिग्रस्त मकान को बनाना भी उनके बूते की बात नहीं है। घटना की सूचना पाकर जीप सदस्य जयमंगल गुड़िया ने प्रशासन ने मांग किया है कि कमल नाग को पीएम आवास मिलना चाहिए, क्योंकि अब उसके पास रहने के लिए घर पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। किसी तरह तिरपाल लगा कर रहा है। इधर अम्मा पकना पंचायत के पकना निवासी बसंती देवी पति लूंबकर्ण सिंह का भी घर बारिश से गिर गया। जिन्होंने प्रखंड प्रशासन से मुआवजे की मांग किया है।