मानव जीवन में वनों का विशेष महत्व है : डीएफओ
अभियान फोटो 12 संवाद सहयोगी
खूंटी : मानव जीवन में वनों का विशेष महत्व है। इसे ध्यान में रखते हुए जिले में निरंतर वन क्षेत्र को बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए प्रति वर्ष व्यापक पैमाने पर पौधारोपण किया जाता है। यह बात वन प्रमंडल पदाधिकारी निरंजन प्रसाद देव ने कही।
उन्होंने कहा कि पौधारोपण करने के दौरान हम इस बात का विशेष ध्यान रखते हैं कि जो पौधे लगाए जाएं वह फलदार व छायादार हों। साथ ही पौधों की सही देखभाल हो इसे लेकर विभिन्न क्षेत्रों में वन सुरक्षा समिति का गठन किया गया है। पौधारोपण की प्रक्रिया निरंतर चलती रहे, इसके लिए जिले में दो नर्सरी तैयार क्रियान्वित हैं। एक नर्सरी जहां जिला मुख्यालय में है, वहीं दूसरी आधुनिक नर्सरी लोधमा के समीप है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2017-18 में 162.54 हेक्टेयर भूमि पर विभिन्न प्रजातियों के 181480 पौधे लगाए गए। इनमें 30629 पौधे सूख गए। इसी प्रकार वर्ष 2018-19 में दो सौ हेक्टेयर भूमि पर 193300 पौधे लगाए गए। इनमें से 1933 पौधे सूख गए। वर्ष 2019-20 में अब तक 794.04 हेक्टेयर भूमि पर 264423 पौधे लगाए गए। इनमें से 600 पौधे सूख गए। उन्होंने बताया कि सूख गए पौधों के स्थान पर फिर से नए पौधे लगाए जाते हैं। जो पौधारोपण किया जा रहा है, उनमें अधिकतर आम, जामुन, कटहल, शीशम, सागवान, सखुआ व पेशार आदि प्रजाति के पौधे हैं। इस प्रकार पिछले तीन साल में लगभग 1150 हेक्टेयर भूमि पर छह लाख 39 हजार 203 पौधे लगाए जा चुके हैं। इनमें से 6162 पौधे सूख गए हैं। इनके स्थान पर दूसरे पौधे लगाए जाएंगे।