जिला कृषि पदाधिकारी ने गेंदा फूल की खेती का किया निरीक्षण
जिला कृषि पदाधिकारी कालीपद महतो ने गुरुवार को खूंटी प्रंखंड अंतर्गत पारटोली गांव में गेंदा फूल और मटर की खेती का निरीक्षण किया। इस दौरान गांव में महिलाओं ने उन्हें बताया की उनके टोले में सभी किसानों ने इस वर्ष गेंदा फूल की खेती की है।
खूंटी : जिला कृषि पदाधिकारी कालीपद महतो ने गुरुवार को खूंटी प्रंखंड अंतर्गत पारटोली गांव में गेंदा फूल और मटर की खेती का निरीक्षण किया। इस दौरान गांव में महिलाओं ने उन्हें बताया की उनके टोले में सभी किसानों ने इस वर्ष गेंदा फूल की खेती की है। गेंदा फूल की खेती के बारे में प्रदान संस्था ने हमें बताया है और कई सालों से हम लोग इसकी खेती करते आ रहे हैं।
महिलाओं ने बताया कि गेंदा फूल की खेती के लिए को-ऑपरेटिव द्वारा उन लोगों को दीपावली से 70-80 दिन पहले पौधे उपलब्ध करा दिए जाते हैं और वे लोग इसको दीपावली के अवसर पर बेचकर लाभ कमाते हैं। महिलाओं ने बताया कि हम लोग माला तैयार करना शुरू कर रहे हैं और शुक्रवार को पूरे गांव में माला बनाई जाएगी और इसे दीपावली के दिन बेचेंगे। इस बार फसल अच्छी है। जिला कृषि पदाधिकारी ने किसानों की सराहना करते हुए कहा कि आप लोग बहुत अच्छी खेती कर रहे हैं और आप लोगों से खूंटी के किसानों को सीखना चाहिए। उन्होंने किसानों को प्रोत्साहित करते हुए रवि फसल में कृषि विभाग द्वारा किये जा रहे कार्यों के बारे में जानकारी दी और कहा कि चना, सरसों, गेहूं, तीसी व मसूर आदि के बीज उपलब्ध हैं। जो भी किसान इसकी खेती करना चाहता है वह बीज लेकर कर सकता है। उन्होंने बताया की सूक्ष्म सिचाई योजना के लिए 90 प्रतिशत की छूट पर ड्रिप और स्प्रिंकलर उपलब्ध है। किसान इसे लेकर लाभ उठाकर आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनें।