उपायुक्त ने छठ घाटों का किया निरीक्षण
चार दिवसीय छठ महापर्व के मद्देनजर राज्य सरकार की परिवर्तित गाइड लाइन के आलोक में उपायुक्त शशि रंजन व पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बुधवार को संयुक्त रूप से जिला मुख्यालय के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण किया।
खूंटी : चार दिवसीय छठ महापर्व के मद्देनजर राज्य सरकार की परिवर्तित गाइड लाइन के आलोक में उपायुक्त शशि रंजन व पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बुधवार को संयुक्त रूप से जिला मुख्यालय के विभिन्न छठ घाटों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पंचायत, तालाबों व आसपास कराई जा रही साफ-सफाई व पर्व के लिए उचित स्थान का जायजा लिया। मौके पर उपायुक्त ने नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी आशीष कुमार को छठव्रतियों की सुविधा बहाल करने के लिए आवश्यक दिशा- निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि राज्य सरकार की नई गाइड लाइन के तहत कोविड-19 से बचाव के लिए शारीरिक दूरी का पालन करते हुए छठ महापर्व मनाने की छूट दी गई है। घाटों पर आने वाले श्रद्धालुओं को मास्क का उपयोग करना आवश्यक होगा। उन्होंने कहा कि तालाब के पानी मे नहाना मना है। केवल छठव्रती ही तालाब के पानी में जाएंगी। उन्होंने कहा कि कोविड-19 से बचाव के लिए 10 वर्ष से कम व 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों को घाट पर नहीं जाना चाहिए। उन्हें घर में ही रहना चाहिए।
उन्होंने जिलेवासियों को महापर्व छठ की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि जिले के छठ घाटों पर सुरक्षा की आवश्यक व्यवस्था की जाएगी। घाटों पर सेफ्टी किट के साथ स्थानीय गोताखोरों की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि छठ पूजा के दौरान विधि व्यवस्था संधारण के लिए घाटों पर दंडाधिकारी प्रतिनियुक्त रहेंगे। छठव्रतियों व श्रद्धालुओं की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार पुलिस पेट्रोलिग की व्यवस्था रहेगी। ताकि, किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।