दस दिन से लापता युवक का जला शव जंगल से बरामद, दो आरोपित गिरफ्तार
पुलिस ने शनिवार को मारंगहादा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरकापीढ़ी जंगल से एक जला हुआ शव बरामद किया है। शव के सामने से मृतक का चप्पल बरामद किया गया है जिससे उसकी पहचान की गई है। मृतक की पहचान मारंगहादा थाना अंतर्गत लांदुप गांव निवासी लक्ष्मी नारायण ठाकुर के रूप में की गई है।
खूंटी : पुलिस ने शनिवार को मारंगहादा थाना क्षेत्र अंतर्गत सिरकापीढ़ी जंगल से एक जला हुआ शव बरामद किया है। शव के सामने से मृतक का चप्पल बरामद किया गया है, जिससे उसकी पहचान की गई है। मृतक की पहचान मारंगहादा थाना अंतर्गत लांदुप गांव निवासी लक्ष्मी नारायण ठाकुर के रूप में की गई है। इस मामले में पुलिस ने लांदुप गांव के गुल्ली मुंडा और खुदिया मुंडा नामक दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार लक्ष्मी 10 फरवरी को उलिहातू के समीप कंटराडीह गांव मेला देखने की बात कह कर अपने घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। खोजबीन करने के दौरान जब उसका कुछ पता नहीं चला तो पत्नी विमला देवी ने मारंगहादा थाने में 14 फरवरी को एक मामला दर्ज कराया था, जिसमें गांव के कुछ लोगों पर उसकी हत्या किए जाने का संदेह व्यक्त किया गया था। पुलिस ने उसकी पत्नी के संदेह के आधार पर उक्त दोनों आरोपियों को शनिवार को हिरासत में लिया और पूछताछ की। इस दौरान उन्होंने पुलिस के समक्ष अपना अपराध स्वीकार कर लिया। दोनों की निशानदेही पर पुलिस ने सिरकाडीह जंगल से मृतक का जला शव बरामद किया। सूत्रों के अनुसार आरोपितों ने पुलिस के समक्ष यह स्वीकार किया है कि 10 फरवरी को मेला से लौटने के दौरान मृतक को उक्त जंगल में ले गए, जहां कुछ अन्य सहयोगियों के साथ मिलकर पत्थरों से कूचकर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या को अंजाम देने के बाद सभी डरकर भाग गए थे। बाद में फिर लक्ष्मी की पहचान छिपाने के लिए वे जंगल गए और शव को जला दिया। हत्या का कारण पुलिस मुखबिरी का आरोप बताया जा रहा है। सूत्रों के अनुसार पकड़े गए आरोपितों ने पुलिस को बताया है कि उन्हें यह संदेह था कि मृतक क्षेत्र में होने वाले अफीम की खेती सहित अन्य मामलों की सूचना पुलिस को देता है। इसी कारण उसकी हत्या की गई और शव को जला दिया गया। एसडीपीओ आशीष कुमार महली ने मामले की पुष्टि की है। समाचार लिखे जाने तक हत्या में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी जारी है।