अर्जुन मुंडा ने मुख्य सचिव से की बात
खूंटी के सांसद सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने जोशीमठ उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने से बॉर्डर रोड आर्गेनाइजेशन कैंप में रह रहे झारखंड के मजदूरों के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मृतकों में अधिकांश रनिया खूंटी के हैं। घटना में कुछ घायलों का वहां इलाज चल रहा है।
तोरपा : खूंटी के सांसद सह केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने जोशीमठ, उत्तराखंड में ग्लेशियर टूटने से बॉर्डर रोड आर्गेनाइजेशन कैंप में रह रहे झारखंड के मजदूरों के निधन पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि मृतकों में अधिकांश रनिया, खूंटी के हैं। घटना में कुछ घायलों का वहां इलाज चल रहा है। इस संबंध में उन्होंने झारखंड के मुख्य सचिव से बात कर घायलों के उचित इलाज व मृतकों के शव लाने की व्यवस्था करने और मुआवजा दिलाने का आग्रह किया है।
-----
शवों को गांव लाए सरकार
जलंगा के ग्रामीणों ने गांव के मृत युवाओं का शव गांव लाने की मांग की है। उनके स्वजन भी अपने बेटों को अंतिम बार देखने की इच्छा जताते हुए शवों को गांव लाने की बात कह रहे हैं। वहीं इसकी जानकारी मिलने पर क्षेत्र के विधायक कोचे मुंडा ने राज्य के मुख्य सचिव से बात कर रनिया के मृतकों व घायलों को विशेष विमान से मंगाने की मांग की है। बताया गया कि राज्य सरकार ने मृत व घायल मजदूरों को विशेष विमान से गांव पहुंचने की कवायद शुरू कर दी है।
--
स्वजनों से मिले बीडीओ
उत्तराखंड में घटी घटना के बाद सोमवार को रनिया के प्रखंड विकास पदाधिकारी बलंकेल पहुंचे और जलंगा टोली में मृतकों के स्वजनों से मुलाकात की। उन्होंने सरकार की ओर से की जा रही प्रयासों की जानकारी दी और स्वजनों से बात कर उनकी मांगों को जाना। उन्होंने बताया कि मृतकों को श्रम विभाग के प्रावधान के अनुसार मुआवजा मिलेगा। उन्होंने सभी मृतकों के आधार कार्ड की फोटो कापी ली और बताया कि मजदूरों का श्रम विभाग में निबंधन था या नहीं इसकी जांच करने के बाद आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।