सभी तेजस्विनी क्लब में एनेमिया जांच अभियान चलाए जाए : उपायुक्त
जोहार एवं तेजस्विनी परियोजना की समीक्षात्मक बैठक मंगलवार को उपायुक्त शशि रंजन की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
खूंटी : जोहार एवं तेजस्विनी परियोजना की समीक्षात्मक बैठक मंगलवार को उपायुक्त शशि रंजन की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस दौरान उपायुक्त ने संबंधित अधिकारी से तेजस्विनी के तहत किए गए कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। मौके पर उन्होंने कहा कि तेजस्विनी योजना को मात्र एक परियोजना समझकर नहीं बल्कि इसे मिशन मानकर कार्य करें ताकि जिले की किशोरियों को आत्मनिर्भर बनाया जा सके। इससे किशोरियों के जीवन में बड़े स्तर पर बदलाव लाया जा सकता है।
मौके पर बताया गया कि इस योजना का उद्देश्य महिलाओं को आत्म निर्भर और स्वावलंबी बनाना है। साथ ही बताया गया कि जिले में कुल 465 तेजस्विनी क्लब सक्रिय हैं। इसमें किशोरियों एवं युवतियों को जोड़ कर उन्हें लाभान्वित किया जा रहा है। दो आंगनबाड़ी केंद्र पर एक तेजस्विनी क्लब एवं आठ तेजस्विनी क्लबों पर एक तेजस्विनी केंद्र बनाया गया है। बैठक के दौरान किशोरी, बालिकाओ और युवितियों के आर्थिक और सामाजिक सशक्तीकरण के संबंध में चर्चा की गई। जिले के सभी प्रखंडों में परियोजना के माध्यम से विभिन्न बिदु पर प्रगति देने के निर्देश दिए, ताकि योजना का लाभ किशोरी, बालिकाओं और युवतियों तक पहुंच सके। उपायुक्त द्वारा उपस्थित जिला व प्रखंड के अधिकारियों से क्रियान्वयन की गति के संबंध में विस्तार से जानकारी ली गयी। साथ ही जोहार परियोजना के तहत क्षेत्रांतर्गत किए गए कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान जानकारी दी गयी कि जोहार परियोजना में उन्नत खेती, बकरी पालन, मछली पालन का कार्य उत्पादक समूह के जरिए किया जा रहा है। बताया गया कि इसके तहत तीन प्रखंडों खूंटी, मुरहू एवं कर्रा में कार्य जारी है।