खूंटी में 15 दिवसीय सब जूनियर हॉकी शिविर शुरू
खूंटी के एस्ट्रोटफ मैदान में मंगलवार को सब जूनियर हॉकी खिलाड़ियों का 15 दिवसीय शिविर शुरू हुआ। शिविर में राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम का चयन किया जाना है।
खूंटी : खूंटी के एस्ट्रोटफ मैदान में मंगलवार को सब जूनियर हॉकी खिलाड़ियों का 15 दिवसीय शिविर शुरू हुआ। शिविर में राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता के लिए झारखंड टीम का चयन किया जाना है। शिविर में खूंटी, सिमडेगा समेत अन्य जिलों के कुल 31 खिलाड़ी शामिल हो रहे हैं। इनमें से 18 खिलाड़ियों का चयन झारखंड टीम के लिए किया जाना है। राष्ट्रीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन 18 मार्च से हरियाणा में होगा। जिला हॉकी संघ के अध्यक्ष अशोक भगत ने बताया कि हॉकी इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष ज्ञानेंद्रों नियुथोंजन नौ मार्च को खूंटी आएंगे। वे खूंटी में हॉकी के विकास को लेकर स्थानीय पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श करेंगे।
झारखंड सब जूनियर हॉकी टीम के चयन शिविर का उद्घाटन जिले के उपायुक्त शशि रंजन ने किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और बेहतर खेलने के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्हें प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि शिविर के समापन पर चयनित खिलाड़ियों के साथ वे खूंटी हेल्थ क्लब परिसर में रात का भोजन करेंगे। मौके पर उन्होंने जिला खेल पदाधिकारी को खिलाड़ियों के लिए खेल किट और मैदान में नेट की व्यवस्था करने का निर्देश दिया। इस दौरान उपायुक्त ने एस्ट्रोट्रफ मैदान का निरीक्षण कर मैदान की वस्तुस्थिति का जायजा लिया। उन्होंने मैदान में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी लेते हुए खिलाड़ियों को बेहतर सुविधा देने की बात कही। मौके पर हॉकी संघ के जिलाध्यक्ष अशोक भगत ने बताया कि मैदान में पानी की समस्या है। पानी छिड़काव की स्प्रिंग्डल्स मशीन खराब है। उपायुक्त ने दो दिनों के अंदर खराब पड़े मशीन को दुरुस्त कराने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिया। इस अवसर पर एसी अरविद कुमार, एलआरडीसी जितेंद्र मुंडा, हॉकी संघ की अर्पणा हंस, दशरथ महतो, परमानंद कुमार, सुशील तोपनो, उना कुमारी, तरूण कुमार, सुनील नायक, सुशांति होरो, नामजन सोय मुरूम, विश्वासी कंडुलना, मेलानी संगा, भूषण स्वांसी सहित अन्य उपस्थित थे।