मिहिजाम में गहराया पेयजल संकट
संवाद सूत्र मिहिजाम(जामताड़ा) मिहिजाम नगर पर्षद की एक बड़ी आबादी जलसंकट से त्रस्त है। इस ब
संवाद सूत्र, मिहिजाम(जामताड़ा): मिहिजाम नगर पर्षद की एक बड़ी आबादी जलसंकट से त्रस्त है। इस बारिश के मौसम में भी शहर के लोगों का कंठ तर नहीं हो रहा। वजह अनियमित जलापूर्ति है। छुट्टी के दिन रविवार सुबह जलापूर्ति नहीं होने से लोगों के अन्य आवश्यक कार्य भी प्रभावित रहा। सभी जलसंकट से ही चितित रहे। पानी की जुगाड़ में इधर-उधर भटकते रहे। महीने में ऐसी स्थिति पांच से छह दिन हो ही जाती है। उपभोक्ताओं को आधे घंटे के बजाए बीस मिनट ही जलापूर्ति का लाभ मिल रहा है। पूछने पर नगर पर्षद की ओर से रटा रटाया जवाब मिलता बिजली नियमित होने के कारण टंकी में पानी नहीं चढ़ पाता। जबकि पानी का शुल्क पूरे महीने का वसूला जाता।
जलसंकट ने रविवार के अवकाश का आनंद भी किरकिरा कर दिया। लोगों के कपड़े की सफाई हो या पानी से संबंधित अन्य कार्य चाह कर भी मनमुताबिक नहीं कर पाए। उपभोक्ताओं ने बताया कि यह विडंबना है कि वर्षा के मौसम में भी नप लोगों की प्यास नहीं बुझा पा रही है।
नप के कर्मियों ने बताया कि कुश्बेदिया अजय नदी में पानी निकासी के लिए पंप हाउस और भागा में जलशोधन केंद्र स्थापित हैं। इन दोनों स्थान में ग्रामीण फीडर से विद्युत आपूर्ति होती है। ग्रामीण फीडर में बिजली मिलने की कोई समय सीमा नहीं है उस पर लोवोल्टेज की समस्या के कारण पानी टंकी तक नियमित नहीं पहुंचता है। इस मामले में नप कार्यपालक पदाधिकारी रामाश्रय दास ने बताया कि पंप हाउस व जलशोधन केंद्र में शहरी फीडर से विद्युत कनेक्शन के लिए लगभग एक वर्ष पूर्व ही नगर पर्षद ने राशि आवंटित कर दी गई है। कहा कि जैसे ही विद्युत सेवा शहरी फीडर से जुडेगी तो बिजली की समस्या नहीं होगी। मिहिजाम के उपभोक्ताओं को पानी की समस्या सदा के लिए दूर हो जाएगी।