सभी छात्र व छात्राएं मार्शल आर्ट को दें प्राथमिकता
जामताड़ा जिले में पहली बार वुशु खेल व आत्मरक्षा के कला कौशल संबंधित प्रशिक्षण शुरू हुआ है। दो दिवसीय प्रशिक्षण में जिले के 60 बालक-बालिकाओंको प्रशिक्षित किया जा रहा है।
जामताड़ा : छात्र-छात्राओं के बौद्धिक, मानसिक व शारीरिक विकास को लेकर शनिवार को सेंट एंथोनी स्कूल खेल मैदान में दो दिवसीय वुशु खेल व आत्मरक्षा कला कौशल प्रशिक्षण शुरू हुआ। जिला वुशु एसोसिएशन की देखरेख में यह प्रशिक्षण संपन्न होगा।
जामताड़ा जिले में पहली बार वुशु खेल व आत्मरक्षा के कला कौशल संबंधित प्रशिक्षण शुरू हुआ है। दो दिवसीय प्रशिक्षण में जिले के 60 बालक-बालिकाओंको प्रशिक्षित किया जा रहा है। अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय ने कहा कि इस वर्तमान समय में हर छात्र-छात्राओं को मार्शल आर्ट खेल को प्राथमिकता देना चाहिए। क्योंकि यह आत्मरक्षा का अचूक हथियार है। इससे किसी भी मुश्किल परिस्थिति में अपने आप को बचाव कर सकते हैं। अपने जीवन में इस खेल से बौद्धिक, मानसिक के साथ शारीरिक विकास कर सकते हैं। इस खेल से समाज में कुछ करने का जज्बा और संघर्षशील व्यक्ति के रूप में उभरकर देश और राष्ट्र के लिए गौरव को भी बढ़ा सकते हैं। डीडी भंडारी ने कहा जामताडा में खेल के क्षेत्र में बेहतर आयोजन व खिलाड़ियों को सही प्लेटफॉर्म देने के लिए सभी खेल एसोसिएशन निरंतर प्रयास कर रहे हैं। कोरोना वायरस की विकट परिस्थिति में भी सीमित संसाधनों को देखते हुए जिला के विभिन्न खेल संघ अपने स्तर से खेल का आयोजन करते रहे। प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कर समाज में छात्र-छात्राओं को खेल के प्रति प्रेरित करने का यह कार्य सराहनीय है।
खेल मंच के सचिव दीपक दुबे ने बताया कि हमारा प्रयास है कि जामताड़ा में विभिन्न खेलों में प्रतिभावान खिलाड़ी उभरे और यहां के खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण मिले। जामताड़ा में वुशु खेल नया है। यहां पर मार्शल आर्ट के खिलाड़ियों की भरमार है। बस उसे प्रशिक्षित करने की आवश्यकता है। फरवरी में जिले में जिला स्तरीय प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जाएगा। चयनित खिलाड़ियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सम्मिलित कराने के लिए जिला वुशु एसोसिएशन प्रयासरत है। प्रशिक्षण शिविर में झारखंड वुशु एसोसिएशन के प्रशिक्षक के रूप में अजय सिंह, मोनू बर्मा खिलाड़ियों को प्रशिक्षित कर रहे हैं। प्रशिक्षण शिविर को सफल आयोजन में जिला वुशु एसोसिएशन के सचिव राहुल सिंह, सूरज पासवान, परिणीता सिंह, राज वर्मा, विधान चंद्र सर्खेल, संजीव का अहम योगदान है।