दिल्ली में फंसे नारायणपुर के मजदूरों को मदद
लॉक डाउन के कारण दिल्ली में फंसे मजदूरों की मदद नारायणपुर के आशाडीह के महफूज अंसारी ने की। उनकी मदद को सराहना भी मिल रही है।
मुरलीपहाड़ी (जामताड़ा) : लॉक डाउन के कारण दिल्ली में फंसे मजदूरों की मदद नारायणपुर के आशाडीह के महफूज अंसारी ने की। उनकी मदद को सराहना भी मिल रही है। नारायणपुर क्षेत्र के दस मजदूरों को एक सप्ताह से भोजन सहित अन्य सुविधाएं दिल्ली में समाजसेवी महफूज अंसारी उपलब्ध करवा रहे हैं।
रोजगार के लिए दिल्ली गए मजदूरों कि टोली का जब काम बंद हो गया तो उनकी कठिनाई प्रारंभ हो गई। उन्हें ठेकेदार ने काम से निकाल दिया। उन्हें रहने की भी सुविधा नहीं मिली। तब मजदूरों ने इसकी सूचना दिल्ली में रहने वाले महफूज को दी। समाज सेवी ने तुरंत पहल करते हुए उन्हें अपने घर में शरण दी और भोजन से लेकर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराई। अभी सभी मजदूर इनके मदद से मुसाफिर खाने से बेहतर व्यवस्था में सप्ताह भर से रह रहे हैं। 14 अप्रैल तक भी सारी सुविधा मिलती रहेगी।
महफूज ने बताया कि जब कोरोना वायरस जैसे संक्रामक बीमारी से दिल्ली सहित पूरा देश परेशान है। सभी राज्यों की सरकार युद्ध स्तर से इसे मिटाने व रोकने के लिए सारे प्रयास कर रही है। देश के बड़े से छोटे लोग भी सरकार व समाज के साथ खड़े हैं। ऐसे संकट में यदि कुछेक लोगों को भोजन से लेकर अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने का मौका मिला है तो यह हमारे लिए खुशी की बात है।