स्वभूमिका चिटफंड कंपनी के एजेंट निरसा बाजार से गिरफ्तार, गया जेल
जामताड़ा कम समय में कई गुना अधिक ब्याज राशि देने का प्रलोभन देकर चिटफंड कंपनी में राि
जामताड़ा : कम समय में कई गुना अधिक ब्याज राशि देने का प्रलोभन देकर चिटफंड कंपनी में राशि निवेश कराने के एक आरोपी को जामताड़ा थाना की पुलिस ने धनबाद जिले के निरसा बाजार से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपित निरसा थाना क्षेत्र के विद्यासागर कालोनी निवासी विपिन शर्मा हैं। विपिन शर्मा पर स्वभूमिका चिटफंड कंपनी में धोखाधड़ी कर लोगों के पैसा निवेश कराने का मामला दर्ज है। पिछले चार वर्षो से विपिन शर्मा पुलिस के नजर से फरार चल रहा था। जामताड़ा पुलिस ने बताया कि थाना में दर्ज प्राथमिकी में विपिन शर्मा नामजद अभियुक्त था। जबकि यह कई वर्षो से फरार चल रहा था। सूचना के आधार पर निरसा बाजार में छापेमारी कर इसे दबोचा गया। स्वास्थ्य जांच के उपरांत न्यायिक हिरासत में भेजा गया। कई चिटफंड कंपनी पर जामताड़ा समेत अन्य थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज है। इस संबंध में राज्य मुख्यालय से सीबीआइ की टीम जामताड़ा पहुंचकर कई चरणों में जांच पड़ताल कर चुकी है। सीबीआइ टीम निवेशक के साथ चिटफंड कंपनी के एजेंट व कर्मियों से इस मामले में साक्ष्य जुटा रही है।