फतेहपुर में सरेआम आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन, प्रशासन मौन
फतेहपुर (जामताड़ा) फतेहपुर प्रखंड क्षेत्र में चुनाव आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। राजनीतिक दल के नेता मनमाने ढंग से झंडा व बैनर टांग रहे हैं। इसके बाद भी कोई प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हो रही है।
फतेहपुर (जामताड़ा) : फतेहपुर प्रखंड क्षेत्र में चुनाव आचार संहिता का खुलेआम उल्लंघन किया जा रहा है। राजनीतिक दल के नेता मनमाने ढंग से झंडा व बैनर टांग रहे हैं। इसके बाद भी कोई प्रशासनिक कार्रवाई नहीं हो रही है। गोविदपुर-साहिबगंज मुख्य सड़क के बगल में अंगूठिया गांव से आगे एक राजनीतिक दल का झंडा सरकारी बिजली पोल पर लगाया गया है। यह मुख्य मार्ग होने के कारण हमेशा अधिकारियों का आना-जाना भी लगा रहता है। इसके बाद भी इस ओर ध्यान नहीं दिया गया।
इसी तरह हटिया के समीप एक राजनीतिक दल का बैनर सड़क के बीच में लटक रहा है। लोगों के बीच यह सवाल बना है कि अगर बैनर लगाने का परमिशन घर मालिक से लिया गया है तो उसे घर पर ही लगाना चाहिए था। दो घर के बीच सड़क पर लगाना गलत है। सड़क सार्वजनिक स्थल है। यह आचार संहिता उल्लंघन का मामला बन सकता है। वहीं फतेहपुर मोड़ में पथ प्रमंडल द्वारा अधिकृत की गई जमीन पर भी कई राजनीतिक दलों का झंडा लहरा रहा है। इस झंडे को लगाने का आदेश किसने दिया है। इस संदर्भ में बीडीओ सह सीओ मुकेश कुमार बाउरी ने कहा कि चुनाव आचार संहिता का पालन किया जाएगा। जो भी राजनीतिक दल इसका उल्लंघन करेंगे इसकी जांच कर आचार संहिता का उल्लंघन करनेवाले संबंधित राजनीतिक दल पर विधिवत कार्रवाई भी की जाएगी।