आसनसोल-झाझा खंड में दौड़ी यात्री ट्रेन, यात्री गदगद
संवाद सहयोगी जामताड़ा बुधवार से आसनसोल-झाझा खंड में यात्री ट्रेन दौड़ी। इससे जामताड़ा स्ट
संवाद सहयोगी, जामताड़ा : बुधवार से आसनसोल-झाझा खंड में यात्री ट्रेन दौड़ी। इससे जामताड़ा स्टेशन में महीनों में बाद सरगर्मी देखने को मिली। आरपीएफ के जवान यात्रियों में मास्क आदि की जांच कर रहे थे तो यात्रियों के चेहरे पर लोकल ट्रेन स्टेशन पहुंचने के इंतजार की बेताबी झलक रही थी। ट्रेन के परिचालन शुरू होने से यात्रियों में उत्साह है।
सूचना के अनुरूप बुधवार सुबह से ही जामताड़ा रेलवे स्टेशन परिसर में आरपीएफ के पदाधिकारी तथा जवान मुस्तैद थे। रेलवे स्टेशन में प्रवेश करने वाले यात्रियों का थर्मल पावर स्क्रीनिग, हाथ में सैनिटाइज, मुंह में मास्क लगाया या नहीं की जांच चल रही थी। सुबह से देर शाम तक रेल पुलिस जांच को गंभीर दिखी। सुबह 7 बजे डाउन लाइन में जसीडीह आसनसोल पैसेंजर गुजरी। इसके लिए पूर्व यात्रियों की स्क्रीनिग कर स्टेशन में प्रवेश कराया गया। इसी प्रकार सुबह 10 बजे अपलाइन में झाझा-आसनसोल लोकल ट्रेन स्टेशन पर पहुंची। दर्जनों की संख्या में यात्री उस पर सवार हुए। सुबह 9 बजे अंडाल-जसीडीह पैसेंजर ट्रेन जामताड़ा स्टेशन पर रुकी। आरपीएफ के चाक-चौबंद व्यवस्था के बीच यात्री ट्रेन में सवार हुए। सलीम अंसारी, धनंजय झा, रामदेव सिंह, जितेंद्र गोस्वामी, विष्णु परशुराम आदि यात्रियों ने बताया कि इतने लंबे इंतजार के बाद लोकल ट्रेन का परिचालन शुरू हुआ है जो सरकार की सराहनीय पहल है। कम खर्च में लोग जरूरतमंद स्थान से आवाजाही कर सकेंगे।
यात्रियों ने बताया कि सरकार का कोरोना वायरस नियंत्रण को लेकर जारी निर्देशों का अनुपालन सभी यात्री कर रहे हैं। सरकार से उम्मीद करते हैं कि अतिरिक्त ट्रेन का भी परिचालन शुरू करे। यात्री सरकार के निर्देशों का अनुपालन हर हाल में करेंगे। स्टेशन मास्टर आरएन साहू ने बताया लोकल ट्रेन की शुरुआत यात्रियों के लिए लाभदायक सिद्ध होगी। रेलवे स्टेशन पर कोरोना वायरस नियंत्रण से संबंधित सभी निर्देशों का अनुपालन किया जा रहा है। इतना ही नहीं आवाजाही करने वाले यात्रियों को महामारी से बचाव को सतर्कता बरतने के लिए प्रेरित भी किया जा रहा है।