झामुमो गठबंधन का धर्म निभाएगा : हेमंत
जामताड़ा लोकसभा व विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर झामुमो की संघर्ष यात्रा शुक्रवार को
जामताड़ा : लोकसभा व विधानसभा चुनाव की तैयारी को लेकर झामुमो की संघर्ष यात्रा शुक्रवार को जामताड़ा परिसदन से शुरू होकर नारायणपुर प्रखंड पहुंची। मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री सह झामुमो कार्यकारी अध्यक्ष हेमंत सोरेन ने परिसदन में पत्रकार वार्ता के क्रम में कहा कि उनका प्रयास होगा की राज्य के हर क्षेत्र में महागठबंधन के तहत चुनाव हो, ताकि भाजपा का सफाया हो सके। महागठबंधन का धर्म निभाने की दिशा में झामुमो गंभीर है। भाजपा की सरकार बनने के बाद इमरजेंसी जैसी हालात बनी हुई है। देश में किसान खेतों में मर रहा है, जबकि सीमा पर किसान का बेटा जवान मर रहा है़। सरकार में तो गुंडागर्दी चल रही है। अब तो सदन में भी गुंडागर्दी होने लगी है। धनबल के जरिए सदन को भी लूटने का काम कर रही है़। इतना निरीह और कमजोर सदन पहली बार जीवन में देखने को मिला है़। बागी विधायक के फैसले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि सदन अब बस औपचारिकता के लिए रह गया है़। भाजपा ने इस मामले में कहीं न कहीं घमंड का परिचय दिया है़। स्पीकर के फैसले से भी ज्यादा गंभीर मामला यह है कि केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार आदिवासी, मूलवासी और आदिम जनजाति को उजाड़ने में जुटी है़।
गोड्डा सीट पर कांग्रेस के बगावती तेवर पर उन्होंने कहा कि यह कांग्रेस पार्टी के अंदर का मामला है़। केंद्र व राज्य सरकार को आड़े हाथ लेते हुए सोरेन ने कहा कि 13 फरवरी को सर्वोच्च न्यायालय में वनाधिकार कानून को लेकर सुनवाई की गई और 20 फरवरी को आदेश पारित किया गया। वन भूमि में रहने वाले आदिवासी और आदिम जनजाति आदि समुदाय के लोगों को बल पूर्वक हटाने का निर्देश दिया गया था। लेकिन केंद्र सरकार का कोई प्रतिनिधि इस मामले में पक्ष रखने कोर्ट नहीं गया। राज्य में इससे 24 हजार परिवार प्रभावित होंगे। लेकिन सरकार इनके हित में नहीं बल्कि खनिज संपदा लूटने का षडयंत्र कर रही है।
झामुमो संघर्ष यात्रा के बाद पार्टी के स्तर से इस मामले में सर्वोच्च न्यायालय में पक्ष रखेगी। प्रेस वार्मा के उपरांत चंचला मंदिर में पूजा अर्चना कर सिदो-कान्हू व सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। कांफ्रेंस में झामुमो के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता, चेंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव, मारवाड़ी युवामंच के प्रतिनिधि समेत केंद्रीय कार्यसमिति सदस्य अशोक मंडल, कैलाश प्रसाद साव, उपप्रमुख सह केंद्रीय कार्य समिति सदस्य आसित मंडल, जमीरुद्दीन अंसारी, आनंद टूडू, मनोज झा,पूर्व मुखिया मनोज सोरेन, रवींद्रनाथ दुबे, अल्प संख्यक मोर्चा जिला अध्यक्ष इमित्याज अंसारी, चंचल राय आदि झामुमो कार्यकर्ता मौजूद थे।