संस्कृति ज्ञान परीक्षा में एक सौ छात्र शामिल
शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में अखिल विश्व गायत्री परिवार जामताड़ा की ओर से स्थानीय सावित्री देवी डीएवी प्लस टू स्कूल के लाला लाजपत राय बहुद्देशीय सभागार में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा आयोजित की गई।
जामताड़ा : शांतिकुंज हरिद्वार के तत्वावधान में अखिल विश्व गायत्री परिवार जामताड़ा की ओर से स्थानीय सावित्री देवी डीएवी प्लस टू स्कूल के लाला लाजपत राय बहुद्देशीय सभागार में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा आयोजित की गई। इस परीक्षा में कक्षा पांच से 12वीं तक के कुल 100 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
परीक्षा में 100 बहुवैकल्पिक प्रश्न पूछे गए। इसमें उत्तीर्ण होने पर प्रमाण पत्र व जिले में विशिष्ट स्थान प्राप्त करने पर नकद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। परीक्षा में बतौर पर्यवेक्षक गायत्री परिवार से रवि भारद्वाज व सिटु कुमार उपस्थित थे। परीक्षा का संचालन मनोज कुमार पांडेय ने किया। सहयोग डॉ. राघवेंद्र तिवारी, बीएन सिंह, सुमन झा, संतोष कुमार व भोला महतो ने किया। निरीक्षण करते हुए स्कूल के प्राचार्य डॉ. जीएन खान ने कहा कि शांतिकुंज व गायत्री परिवार द्वारा आयोजित यह परीक्षा विद्यार्थियों में संस्कृति व सभ्यता का ज्ञान बढ़ाती है, संस्कारों का संचार करती है। भारतीय संस्कृति की परंपराएं मानव मूल्यों को संरक्षित करती है। इन कारणों से यह परीक्षा अत्यंत महत्वपूर्ण व प्रासंगिक है। उन्होंने इसके लिए गायत्री परिवार को धन्यवाद दिया।