कुंडहित में घर जला, बाघमारा में जंगल नष्ट
शुक्रवार को कुंडहित के गड़जोड़ी में एक घर में आग लग गई। वहीं दूसरी घटना में फतेहपुर प्रखंड की वानरनाचा पंचायत के बाघमारा गांव से सटे झाटी जंगल में भी आग लग गई।
कुंडहित/फतेहपुर : शुक्रवार को कुंडहित के गड़जोड़ी में एक घर में आग लग गई। घटना के बारे में पीड़ित अजित बागती ने बताया कि आग से घर में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। घटना के समय परिवार के लोग बाहर मजदूरी करने गए थे। अजित बागती की 15 वर्षीय बेटी दोपहर घर में खाना बना रही थी। इसी बीच घर में आग लग गई।
घर में आग लगते ही आसपास के लोग जुट आए। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि घर में रखा धान, चावल, बर्तन, साइकिल कपड़ा सहित 50 हजार से अधिककी संपत्ति जलकर राख हो गई। ग्रामीणों ने काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पाया। परिवार ने अंचलाधिकारी व कुंडहित थाना को जानकारी देकर क्षतिपूर्ति की मांग की।
वहीं, दूसरी घटना में फतेहपुर प्रखंड की वानरनाचा पंचायत के बाघमारा गांव से सटे झाटी जंगल में शुक्रवार दोपहर को अचानक आग लग गई। हालांकि घटना का पता नहीं चल सका है। आग की लपटें को देखकर ग्रामीणों में अफरातफरी का माहौल था। लोग भयभीत थे कि कहीं आग की लपटें गांव तक न पहुंच जाएं। आनन-फानन में ग्रामीण चापाकल से बाल्टी में पानी भर कर व फिर कुआं में मोटर लगाकर आग को बुझाने का प्रयास करने लगे। घटना की जानकारी मिलने पर थाना प्रभारी सुमन कुमार, सब इंस्पेक्टर सुमित झा, एएसआइ मिथलेश कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। इसके बाद अग्निशमन वाहन के कर्मचारी को इसकी सूचना दी गई। अग्निशमन वाहन के पहुंचने के बाद आग नियंत्रित की जा सकी।