पुस्तकालय के पुस्तकों से अर्जित करें ज्ञान
अभी जितनी पुस्तकों का संग्रह इस पुस्तकालय में है उसे समाज के लोगों ने ही उपलब्ध कराया है। अधिक से अधिक विद्यार्थी जब यहां रखी प्रतियोगी पुस्तकों का अध्ययन करेंगे तो एक बेहतर समाज का निर्माण होगा।
मुरलीपहाड़ी/बिदापाथर : सार्वजनिक पुस्तकालय को शिक्षा ग्रहण का केंद्र बनाएं। क्षेत्र के विद्यार्थी यहां अध्ययन कर ज्ञान अर्जित करें। समाज के लोग विद्यार्थियों को इस पुस्तकालय से जोड़ने का कार्य करें। यह सुझाव मंगलवार को डीआरडीए निदेशक राम वृक्ष महतो ने नारायणपुर प्रखंड के बोरवा, शहरपुर, रूपडीह पंचायत में सार्वजनिक पुस्तकालय के उद्घाटन के क्रम में लोगों को दिया।
इन पंचायतों में बेकार पड़े सरकारी भवन में उपायुक्त की पहल पर सार्वजनिक पुस्तकालय की शुरुआत की गई। बीडीओ महेश्वरी प्रसाद यादव, सीओ केदार नाथ सिंह भी मौजूद थे। निदेशक ने कहा कि इन पुस्तकालयों की शुरुआत का परिणाम यहां तब दिखेगा जब समाज के लोग इसे बेहतर तरीके से संचालित करेंगे। अभी जितनी पुस्तकों का संग्रह इस पुस्तकालय में है, उसे समाज के लोगों ने ही उपलब्ध कराया है। अधिक से अधिक विद्यार्थी जब यहां रखी प्रतियोगी पुस्तकों का अध्ययन करेंगे तो एक बेहतर समाज का निर्माण होगा। इस दौरान अधिकारियों ने संयुक्त रूप से पुस्तकालय के पूरे परिसर का जायजा लिया। संचालन व निगरानी समिति के सदस्यों के साथ बैठक की। समिति के लोगों से कहा इसे संवार कर रखें। यह पुस्तकालय समाज के लिए मील का पत्थर साबित हो सकता है। मौके पर मुखिया मदन मुर्मू, रानी बास्की अमरेंद्र झा, श्रीकांत तिवारी सुनील राय राजा उद्दीन अंसारी, मोहम्मद सहबान, कनीय अभियंता निशांत मरांडी सुमन पंडित भीम मंडल सहित कई ग्रामीण उपस्थित थे।
पुस्तकालय को राजनीति से रखें दूर : फतेहपुर प्रखंड की खामारबाद पंचायत के तिलाकी गांव में मंगलवार को अनुमंडल पदाधिकारी संजय पांडेय ने सामुदायिक पुस्तकालय का उद्घाटन किया। एसडीओ ने पुस्तकालय समिति के साथ बैठक कर इसे बेहतर ढंग से चलाने का सुझाव दिया। कहा कि पुस्तकालय संचालन में समिति के साथ साथ ग्रामीणों की सहयोग जरूरी है। पुस्तकालय को राजनीति से दूर रखें। गरीब बच्चों की पढ़ाई पर पुस्तक की कमी के कारण प्रतिकूल प्रभाव पड़ता था। पंचायत व गांव में पुस्तकालय हो जाने से बच्चे विभिन्न प्रकार की पुस्तकों का अध्ययन कर अपने लक्ष्य को प्राप्त कर सकेंगे। मौके पर फतेहपुर बीडीओ मुकेश कुमार, प्रखंड प्रमुख किरण बेसरा, पूर्व मुखिया ब्रजकिशोर महतो, बामापद महतो, मथुर प्रसाद महतो, ताराप्रसंन्न महतो, गौतम कुमार, कनीय अभियंता सीडी मुर्मू आदि उपस्थित थे।