ज्वेलरी दुकान से पांच लाखों की चोरी
फतेहपुर (जामताड़ा) : फतेहपुर बस पड़ाव स्थित जीबी ज्वेलर्स से अज्ञात चोरों ने लाखों की चोरी
फतेहपुर (जामताड़ा) : फतेहपुर बस पड़ाव स्थित जीबी ज्वेलर्स से अज्ञात चोरों ने लाखों की चोरी कर एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। रविवार सुबह पुलिस पहुंची और पड़ताल में जुट गई है। इस घटना के बाद लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। अज्ञात चोरों ने दुकान का शटर तोड़कर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद लोहे की आलमीरा, आयरन चेस्ट को भी तोड़ डाला एवं उसमें रखे ज्वेलरी को लेकर रफूचक्कर हो गए। ज्वेलरी के मालिक अमरजीत वर्मा ने बताया कि करीब 5 लाख से ज्यादा सोने-चांदी के निर्मित आभूषणों की चोरी हुई है। -खोजी कुत्ता को बुलाया गया :
चोरी की घटना के बाद खोजी कुत्ता को बुलाया गया, लेकिन कोई सुराग पुलिस के हाथ नहीं लगा। दुकान के कई वस्तुओं को कुत्ते को सुंघाया गया। इसके बाद कुत्ते ने दौड़ लगाई और पीछे-पीछे प्रशासनिक पदाधिकारी के अलावा काफी संख्या में ग्रामीण भी भाग रहे थे। कालीपाथर में बन रहे ईट भट्टे के पास पहुंचकर कुत्ता रुक गया। लेकिन वहां भी कोई सुराग नहीं मिला। घटना के बाद लोगों ने आक्रोश जाहिर करते हुए पुलिस के रात्रि में गश्ती न करने का आरोप लगाया। कहा कि हाईवे में वसूली करने में पुलिस मस्त रहती है। बस पड़ाव में चौकीदार भी रहता है। इसके बाद भी इतनी बड़ी घटना घटित होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान है। पुलिस चौकी की मांग : फतेहपुर बाजार से करीब 5 किमी दूर थाना रहने के कारण लोगों ने बार-बार फतेहपुर में पुलिस चौकी की मांग की है। लेकिन अब-तक इस पर प्रशासनिक पहल नहीं की गई। जब डाकबंगला से 5 किमी दूर चोकुंदा में निर्मित भवन में थाना शिफ्ट हो रहा था। इस दौरान उद्घाटन समारोह में ग्रामीणों ने तत्कालीन एसपी से फतेहपुर में पुलिस पिकेट खोलने की मांग की थी। इस दिशा में पहल करने का आश्वासन भी मिला था। लेकिन अब-तक कुछ नहीं हुआ। थाना प्रभारी सुरेंद्र कुमार ¨सह ने बताया कि 5 लाख की ज्वेलरी का सामान चोरी हुई है। पुलिस जांच में जुट गई है। जल्द ही चोर पुलिस के गिरफ्त में होंगे।