विकास योजनाओं के बारे में की गई चर्चा
नगर पंचायत जामताड़ा का मूल लक्ष्य अंत्योदयः वीरेंद्र मंडल
विकास योजनाओं के बारे में की गई चर्चा
जागरण संवाददाता, जामताड़ा : जामताड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष रीना कुमारी के निर्देशानुसार नगर के सभी वार्डों में जनसंवाद कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसी निमित्त वार्ड संख्या 11 के लाभुकों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। इसकी अध्यक्षता वार्ड पार्षद शोभना चंद्रा ने की। कार्यक्रम में भारी संख्या में स्थानीय महिलाएं, पुरुष एवं पीएम आवास योजना के लाभार्थी उपस्थित हुए। जनसंवाद कार्यक्रम में विभिन्न विकास योजनाओं के बारे में चर्चा की गई। लोगों ने पीएम आवास, पीसीसी एवं नाली निर्माण के लिए विशेष रूचि दिखाई। मौके पर मुख्य रूप से उपस्थित नगर पंचायत के अध्यक्ष पूर्व बीरेंद्र मंडल ने कार्यक्रम के वास्तविक उद्देश्य के बारे में बताया। मंडल ने कहा कि लगातार नगर पंचायत के प्रत्येक वार्ड में लोगों के साथ जनसंवाद कार्यक्रम किया जा रहा है। नगर पंचायत जामताड़ा इन्हीं जनसंवाद कार्यक्रम के माध्यम से योजनाओं का सुचारू रूपरेखा बना रही है, जोकि एक सराहनीय पहल है। साथ ही साथ मोहल्ले की अन्य समस्याओं के बारे में भी चर्चा की गई। जो समस्या तत्काल निदान करने योग्य थी, उनका तत्काल निदान किया जा रहा है और कुछ के लिए संभावना तलाशी जा रही है। मंडल ने बताया कि पीएम आवास योजना गरीबों को केवल छत ही नहीं दे रही है, बल्कि एक परिवार को संबल भी प्रदान कर रही है। केंद्र सरकार द्वारा इस पीएम आवास योजना के लाभार्थियों को सरकार की गरीबी उन्मूलन योजनाओं से भी जोड़ने का काम किया जा रहा है। देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सामाजिक सुरक्षा संबंधी दृष्टि से देश के अमीरों और गरीबों में फर्क कम करने में लगातार प्रयासरत हैं। देश का अंत्योदय हो रहा है, जो हमारे स्वतंत्रता सेनानियों का सपना था। मंडल ने बताया नगर पंचायत जामताड़ा लोक हित के कार्यों के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है, जोकि सराहनीय है।