उच्च विद्यालय के शिक्षक पुस्तकालय में बच्चों को दे रहे शिक्षा
रविवार को सामुदायिक पुस्तकालय आशाडीह में छात्राएं अध्ययन करती मिलीं। उन्हें उच्च विद्यालय के शिक्षक पढ़ा रहे थे।
मुरलीपहाड़ी (जामताड़ा) : नारायणपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में उपायुक्त की पहल पर खोले गए सामुदायिक पुस्तकालय का लाभ मिलना शुरू हो गया है। रविवार को सामुदायिक पुस्तकालय आशाडीह में छात्राएं अध्ययन करती मिलीं। उन्हें उच्च विद्यालय के शिक्षक पढ़ा रहे थे।
दरअसल, उपायुक्त फैज अक अहमद मुमताज ने कुछ दिन पहले उच्च विद्यालय के शिक्षकों को रविवार को सामुदायिक पुस्तकालय में बच्चों को पढ़ाने का लिखित निर्देश दिया था। उसी के आलोक में शिक्षकों ने पढ़ाने का काम शुरू किया है। रोस्टर के अनुसार विद्यालय अलग-अलग शिक्षकों को प्रबंधन पुस्तकालय में रविवार को भेज रहा है। यहां विज्ञान के शिक्षक जीमूत वाहन भंडारी, गणित के शिक्षक जीशु हेंब्रम और पारा शिक्षक फुरकान अंसारी बच्चों को पढ़ा रहे थे। हालांकि पुस्तकालय में बैठने की क्षमता के अनुसार छात्राओं की उपस्थिति कम थी। यदि अन्य लोग इसके प्रति जागरूक रहें तो रविवार को बच्चों को काफी लाभ मिलेगा। बच्चे मन मुताबिक विशेषज्ञ शिक्षकों से विषय का अध्ययन कर पाएंगे। मन की जिज्ञासा को शांत कर पाएंगे। स्कूल में विषय से अलग निबंध प्रतियोगिता वाद-विवाद प्रतियोगिता भी कराई गई। इस बाबत शिक्षकों ने कहा कि यदि बच्चों की संख्या रविवार को नियमित बढ़ती रहेगी तो उनकी प्रतिनियुक्ति भी लाभदायक साबित होगी। चाहते हैं कि जितने वक्त सामुदायिक पुस्तकालय में बिताएं, उस दौरान बच्चों को अधिक से अधिक जानकारी दे सकें। शिक्षकों ने कहा यह बहुत ही अच्छी पहल है। बच्चे मनचाही पुस्तकों का अध्ययन कर पाएंगे। शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चे और आगे बढ़ेंगे। मौके पर छात्रा अलीशा, अंजूम, अनीशा परवीन आदि उपस्थित थे।