मिहिजाम कानगोई फ्लाईओवर ब्रिज निर्माण की स्वीकृति
जामताड़ा मिहिजाम के कानगोई में फ्लाईओवर बनने का मार्ग अब प्रशस्त हो गया है। इसकी जानकार
जामताड़ा : मिहिजाम के कानगोई में फ्लाईओवर बनने का मार्ग अब प्रशस्त हो गया है। इसकी जानकारी देते हुए विधायक डॉ. इरफान अंसारी ने बुधवार शाम को यहां बताया कि योजना की स्वीकृति दिलाने में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का अहम योगदान है। 27 करोड़ की लागत से ओवर ब्रिज को मंजूरी मिली है। इसमें भाजपा सांसदों का कोई योगदान नहीं है।
विधायक डॉ. अंसारी ने दावा किया कि राजद नेता लालू यादव जब रेल मंत्री थे तो उसी समय पूर्व सांसद फुरकान अंसारी ने जामताड़ा जिला के लिए तीन फ्लाईओवर पास कराया था। इनमें दो बनकर तैयार है और एक का निर्माण होनेवाला था। भाजपा की सरकार बनी इस बहुप्रतीक्षित योजना के निर्माण को रोक दिया गया था। कहा कि वे खुद इस पुल के निर्माण के लिए लगातार संघर्ष करते रहे। अब सीएम के सहयोग से सफलता मिली। फ्लाईओवर बनने से यहां के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। इस सिलसिले में कई बार दिल्ली गए और विधानसभा में भी आवाज लगातार उठाते रहे। कहा कि सीएम ने उनकी बात मानी और झारखंड से राशि मुक्त की। कहा कि अब श्रेय भाजपा के सांसद लेंगे जबकि वह बता भी नहीं पाएंगे कि फ्लाईओवर कहां बन रहा है। कहा कि जामताड़ा के विकास में यह फ्लाईओवर मिल का पत्थर साबित होगा।