जामताड़ा से अजमेर के लिए 36 जायरीन रवाना
मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जामताड़ा जिला के मुस्लिम समुदाय के 36 चयनित जायरीन अजमेर शरीफ के लिए रवाना हुए।
जासं, जामताड़ा : मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के अंतर्गत जामताड़ा जिला के मुस्लिम समुदाय के 36 चयनित जायरीन अजमेर शरीफ के लिए रवाना हुए। इसमें एक महिला भी शामिल हैं। समाहरणालय से रविवार को उपायुक्त गणेश कुमार व उप विकास आयुक्त नागेंद्र कुमार सिन्हा ने उन्हें हरी झंडी दिखाकर यात्री बस को रवाना किया। जामताड़ा से तीर्थयात्री जसीडीह रेलवे स्टेशन पहुंचेंगे। वहां से विशेष ट्रेन से अजमेर शरीफ के लिए रवाना होंगे। जामताड़ा से रवाना हो रहे तीर्थयात्रियों में काफी उत्साह का माहौल था।
तीर्थयात्रियों का कहना था कि सरकार की मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना से उन्हें काफी लाभ पहुंचा है। उम्र के इस पड़ाव में भी उन्हें अजमेर शरीफ जैसी तीर्थयात्रा पर जाने का मौका मिल रहा है। कोई खर्च नहीं हो रहा है। आर्थिक रूप से कमजोर होने के बावजूद भी वे यात्रा करने में सक्षम हो रहे हैं। तीर्थयात्रियों ने जामताड़ा जिला प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्था को भी सराहा। अधिकारियों को साधुवाद दिया।
तीर्थयात्रियों को जामताड़ा जिला मुख्यालय से अजमेर शरीफ यात्रा पूर्ण होने तक समुचित प्रबंधन व देखरेख के लिए जनसेवक रंजीत दास व लखीराम कोल नोडल पदाधिकारी के रूप में भेजा गया है। तीर्थ यात्रियों को पहचान पत्र भी निर्गत किया गया है। उपायुक्त गणेश कुमार ने बताया कि हमारा देश धार्मिक स्थानों से भरा देश है । ऐसे स्थानों में तीर्थ यात्रा करना बहुत आवश्यक माना गया है। ऐसे में कई ऐसे गरीब बुजुर्ग लोग हैं, जो तीर्थ यात्रा करने में असमर्थ हैं। झारखंड सरकार ने उन बुजुर्गों को अवसर प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना की शुरुआत की है। इस योजना के अंतर्गत सभी बुजुर्ग यात्रियों को मुफ्त में तीर्थ दर्शन कराया जाएगा। उन्हें किसी भी प्रकार का कोई भी खर्च नहीं करना होगा। यात्रा के दौरान बुजुर्गों के भोजन, बीमा, चिकित्सा और गाइड आदि की भी पूरी व्यवस्था की गई है। मौके पर सोशल मीडिया पब्लिसिटी ऑफिसर पूजा मुर्मू, प्रधान लिपिक बैजू झा, सामाजिक सुरक्षा से अशोक कुमार भोक्ता, मधुसूदन मंडल आदि थे।