33000 केवीए में आई खराबी, छाया अंधेरा
नारायणपुर (जामताड़ा) नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र में बिजली की समस्या का समाधान नहीं होने वाला
नारायणपुर (जामताड़ा) : नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र में बिजली की समस्या का समाधान नहीं होने वाला है। शुक्रवार को 12 घंटे के लंबे इंतजार के बाद दोपहर एक बजे विद्युत आपूर्ति आरंभ हुई। हजारों उपभोक्ताओं को रात उमस भरी गर्मी बिन बिजली की काटनी पड़ी। बिजली आने से लोगों को राहत मिली। फिर भी बिजली के आने-जाने का सिलसिला जारी है।
बताते चले कि गुरुवार देर रात्रि एकाएक नारायणपुर प्रखंड क्षेत्र से बिजली गुल हो गई थी। पूरे क्षेत्र में ब्लैकआउट की स्थिति हो गई थी। विभागीय अधिकारियों ने बताया कि 33000 केवीए की लाइन में खराबी आई है। इसी वजह से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति ठप है। शुक्रवार दोपहर एक बजे तक 33000 केवीए की खराबी को ठीक कर क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति आरंभ की गई। जबकि क्षेत्र में निर्बाध रूप से विद्युत आपूर्ति करने के लिए 33000 केवीए में पिछले एक सप्ताह से मरम्मत का कार्य चल रहा था। जैसे ही मरम्मत का कार्य बंद हुआ विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। ऐसे में सवाल उठना लाजमी है कि आखिर मरम्मत हो क्या रहा था? मरम्मत के नाम पर सरकार की राशि खर्च तो हुई परंतु उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलता नजर नहीं आ रहा है।