चार माह में मास्क जांच के तहत 1.87 लाख जुर्माना वसूली
जामताड़ा जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण कम हुआ है इसके बावजूद भी जिला मुख्यालय व आसपा
जामताड़ा : जिले में कोरोना वायरस का संक्रमण कम हुआ है इसके बावजूद भी जिला मुख्यालय व आसपास के क्षेत्रों में पुलिस प्रशासनिक संयुक्त टीम की मास्क जांच व वाहन जांच अभियान जारी है। वैसे सभी प्रखंड क्षेत्रों में अंचलाधिकारी की देखरेख में जांच अभियान चल रहा है, लेकिन आरंभ काल से अब तक जिला मुख्यालय जामताड़ा में जांच अभियान सबसे अधिक प्रभावकारी रहा। महामारी नियंत्रण के निर्धारित सभी शर्तो का शतप्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित कराने को लेकर पिछले 13 अप्रैल से जिला मुख्यालय समेत सभी अंचल क्षेत्रों में जांच अभियान चल रहा है। शनिवार को भी जामताड़ा शहर के सुभाष चौक, टावर चौक, बसस्टैंड सहित विभिन्न हिस्सों में अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व अंचलाधिकारी मनोज कुमार कर रहे थे। अंचलाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि कोरोनावायरस से बचाव के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है ताकि लोगों को इस महामारी से बचाया जा सके। उन्होंने बताया कि मास्क चेकिग अभियान के लिए अलग-अलग टीम बनाई गई है। अंचल अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक लापरवाह लोगों से एक-एक सौ रुपये जुर्माना राशि वसूलने का प्रावधान है। 13 अप्रैल से अब तक कुल 1 लाख 87 हजार रुपये की वसूली की गई है। इसके बाद भी लगातार अभियान जारी है। जामताड़ा शहर में पैदल चलने वाला, बाइक चलानेवाला व कार चालक सबके लिए मास्क लगाना जरूरी है, लेकिन जो लोग सड़क पर बिना मास्क के घूम रहे हैं, उन पर एक सौ रुपये का जुर्माना लगाया जा रहा है। शहर के विभिन्न स्थानों में जगह- जगह पर मास्क जांच किया जा रहा है।