Chaibasa, Jharkhand Murder: युवक को घर से उठाकर ले गए अपराधी, फिर गोली मार कर दी हत्या
गोईलकेरा प्रखंड के कदमडीहा पंचायत के गितिलपी गांव निवासी देवेन्द्र सुरीन के 28 वर्षीय पुत्र प्रेम सिंह सुरीन की मंगलवार की रात करीब 10 बजे अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी। आशंका है कि हत्या में नक्सलियों का ही हाथ है।
गोईलकेरा, जागरण संवाददाता। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम से बडी खबर है। गोईलकेरा प्रखंड के कदमडीहा पंचायत के गितिलपी गांव निवासी देवेन्द्र सुरीन के 28 वर्षीय पुत्र प्रेम सिंह सुरीन की मंगलवार की रात करीब 10 बजे अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी। अपराधी प्रेम सुरीन को उसके घर से उठा कर 200 मीटर दूर गोईलकेरा - चाईबासा मुख्य मार्ग पर ले गए। वहां गोली मार कर हत्या कर दी। यह इलाका नक्सल प्रभावित है। आशंका है कि हत्या में नक्सलियों का ही हाथ है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार की रात को प्रेम सुरीन अपने लडके का जन्मदिन मनाने गांव आया था। रात के करीब 9 बजे हथियार लैस चार से पांच लोग घर में प्रवेश कर गए। घर में मौजूद सभी महिलाओं को एक कमरे मे बंद कर दिया। अपराधी प्रेम सुरीन समेत पांच लोगों को लेकर घर के बाहर निकल गए। प्रेम सुरीन को छोड़ कर अन्य व्यक्तियों को रस्सी से बांध दिया। वही प्रेम सुरीन को घर 200 मीटर दूर गोईलकेरा- चाईबासा मुख्य सडक़ पर ले जाकर गोली मार दी जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। प्रेम सुरीन गोईलकेरा से कुईडा होते हुए चाईबासा जाने वाली बस में क्लीनर का करता था। गोईलकेरा थाना से घटनास्थल की दूरी लगभग 25 किलोमीटर है।