Jamshedpur Crime Diary : शादी का झांंसा देकर आदित्यपुर के युवक ने मानगो की युवती का किया यौन शोषण, गिरफ्तार
Jamshedpur Crime Diary. मानगो डिमना राेड की एक युवती ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण किए जाने का आरोप लगाते हुए महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। युवती ने युवक के माता-पिता और भाई पर मारपीट और धमकी देने का भी आरोप लगाया था।
जमशेदपुर,जासं। साकची महिला थाना की पुलिस ने यौन शोषण के आरोपित आदित्यपुर के युवक उज्ज्वल कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ की कार्रवाई के बाद युवक को पुलिस ने न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया। उसके खिलाफ मानगो डिमना राेड की एक युवती ने शादी का झांसा देकर यौन शोषण किए जाने का आरोप लगाते हुए महिला थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। युवती ने युवक के माता-पिता और भाई पर मारपीट और धमकी देने का भी आरोप लगाया था।
गोलमुरी में बच्ची से अश्लील हरकत, आरोपित गिरफ्तार
गोलमुरी थाना की पुलिस ने छह वर्षीय बच्चे से अश्लील हरकत किए जाने के आरोपित मोसिन हसन खान को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ गोलमुरी थाना में पोस्को एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपित ने छह वर्षीय बच्ची को चाकलेट देने का लालच देकर उसके साथ अश्लील हरकत की जिसकी जानकारी उसने घर में जाकर माता-पिता को दी थी। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए युवक को गिरफ्तार कर लिया।
बिष्टुपुर थाना की पुलिस ने नक्शा विचलन के आरोपित को किया गिरफ्तार
बिष्टुपुर थाना की पुलिस ने नक्शा विचलन मामले के आरोपित जियाउद्दीन उर्फ कल्लू को गिरफ्तार कर लिया। वह बिष्टुपुर धातकीडीह का निवासी है। उसके खिलाफ जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति के पदाधिकारी की शिकायत पर विगत एक दिसंबर को बिष्टुपर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
मानगो में दसवीं की छात्रा ने कर ली खुदकुशी
मानगो के आजादनगर थाना क्षेत्र जाकिरनगर में दसवीं की छात्रा कशिश परवीन ने घर में दुपट्टे के सहारे पंखे से फांसी लगा खुदकुशी कर ली। परीक्षा फार्म भरने को उसने शनिवार को स्टूडियो में जाकर तस्वीर भी खिंचवाई। सोमवार को उसे परीक्षा फार्म भरना था। शनिवार रात खाना खाने के बाद वह कमरे में यह कहते हुए गई वह पढ़ने जा रही है। कोई उसे परेशान नहीं करे। काफी देर तक जब वह कमरे से नहीं निकली तो स्वजन उसके कमरे की ओर गए। दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई आवाज नहीं आई। दरवाजा तोड़े जाने पर कशिश का शव फंदे से लटका देखा। मामले को लेकर स्वजन अनभिज्ञता जाहिर की। पुलिस ने शव काे पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।