आकर्षिणी पहाड़ी के पास युवक की मिली लाश, भुजाली मार कर की गई हत्या Jamshedpur News
घर के बाल कटाने की बात कहकर निकले युवक की लाश खरसावां के आकर्षिणी पहाड़ी के समीप मिली। उसकी हत्या भुजाली से मारकर की गई।
जमशेदपुर, जेएनएन। कोल्हान प्रमंडल के सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र की आकर्षिणी पहाड़ी के पास पुलिस ने एक युवक की लाश बरामद की। मृतक की पहचान बुरुसाही गांव के स्नेह हेंब्रम (26) रुप में की गई है। भुजाली से वार कर युवक की हत्या की गई है। खरसावां थाना में मृतक की भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार बुरुसाही गांव का स्नेंह हेंब्रम शुक्रवार को बाल कटवाने की बात कह कर सुबह घर से निकला था। देर शाम तक वापस घर नहीं लौटा। शनिवार को काफी खोजबीन करने के बाद उसकी लाश आकर्षिणी पाहाड़ी के पास मिली। मामले की जानकारी मिलने के बाद खरसावां थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी दल-बल के साथ आकर्षिणी पाहाड़ी पहुंचे तथा लाश को अपने कब्जे में लेकर पोष्टमार्टम के लिए सरायकेला भेजा। पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर में भुजाली से हमला करने के निशान मिले है। इस संबंध में मृतक के भाई के बयान पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। मृतक शादीशुदा था।
पुलिस लगा रही कातिल का पता
खरसावां थाना प्रभारी सनोज कुमार चौधरी ने बताया कि हत्या के संबंध में अब तक कुछ जानकारी नहीं मिल सकी है। भुजाली से हमला कर हत्या की गयी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गयी है। जल्द ही पूरे मामले का उदभेदन कर दिया जाएगा।