पुणे से पैदल चाईबासा आ रहे युवक की रास्ते में मौत, एक साथ निकले थे 16 प्रवासी श्रमिक
महाराष्ट्र के पुणे से पैदल झारखंड के चाईबासा आ रहे एक युवक की रास्ते में मौत हो गई। मृतक का नाम विजय खंडाईत है। 16 मजदूर एक साथ झींकपानी स्थित घर के लिए निकले थे।
चाईबासा,जासं। महाराष्ट्र के पुणे से पैदल झारखंड के चाईबासा आ रहे एक युवक की रास्ते में मौत हो गई। मृतक का नाम विजय खंडाईत है। युवक चार दिन पूर्व पुणे से पैदल चलकर चाईबासा के झींकपानी के माटागुटु आ रहा था। अचानक रास्ते में तबीयत खराब हुई और सांसों की डोर टूट गई।
मौत के बाद महाराष्ट्र के बर्धा के सरकारी अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम किया गया। अब उसका शव घर लाने की समस्या उसके साथियों के समक्ष उठ खड़ी हुई है। घटना रविवार सुबह छह बजे की है। उसके साथियों के मुताबिक उन लोगों के पास आने की कोई सुविधा भी नहीं है और न ही पैसा है। 16 मजदूर एक साथ झींकपानी स्थित घर के लिए निकले थे।
वीडियो जारी कर सांसद से मांगा सहयोग
मृतक विजय के साथियों ने वीडियो संदेश जारी कर सिंहभूम की सांसद गीता कोड़ा से सहयोग मांगा। जानकारी मिलने पर सांसद गीता कोड़ा एवं पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा तुरंत संज्ञान लेकर मजदूरों से संपर्क किया और हरसंभव मदद करने की बात कही। गीता कोड़ा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से बात कर सभी लोगों को तुरंत सहयोग पहुंचाने का भरोसा दिया। मजदूरों के अनुसार उनके पास एक रुपया भी नहीं है और तीन दिन से भूखे हैं । लॉकडाउन के बाद उनलोगों को काम से निकाल से हटा दिया गया और बकाया पारिश्रमिक का भुगतान तक नहीं किया गया। अंत में कोई उपाय नहीं देखकर पैदल ही घर निकलने का फैसला लिया। इसबीच रास्ते में एक साथी की जान चली गई। इसके साथ ही एक नई मुसीबत खड़ी हो गई।
पुणे से पैदल चलकर झारखण्ड आ रहे 16 मज़दूरों में से एक विजय खंड की मृत्यु। महाराष्ट्र के वर्धा जिला अस्पताल में फंसे मज़दूरों को तत्काल सहायता करते हुए मृतक की लाश सहित सभी को यहां लाने का आग्रह करती हूं।@PMOIndia @HemantSorenJMM @JharkhandCMO @dgpjh @ChiefSecretaryJharkhand pic.twitter.com/GY5X8QW0Wp — Geetakora (2 गज की दूरी - देश हित के लिए जरूरी।) (@Geetakora1) May 24, 2020