XLRI Jamshedpur : एक्सएलआरआई प्रबंधन के खिलाफ पहली बार आंदोलन की तैयारी में कर्मचारी, करेंगे प्रदर्शन
XLRI Jamshedpur.कर्मचारियों की माने तो पहले उनके 30 साथियों को काम से बैठाया। इनमें वैसे कर्मचारी भी शामिल हैं जो स्थायी होने के इंतजार में थे। कुछ दिनों के बाद 15 और कर्मचारियों को काम से बैठा दिया गया।
जमशेदपुर, जासं। देश के टॉप मैनेजमेंट कॉलेजों में से एक जेवियर इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट (पूर्व में एक्सएलआरआई) शुमार है जो युवाओं को प्रबंधन का पाठ पढ़ाता है। उसे आज खुद अपने कर्मचारियों के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में एक्सएलआरआई प्रबंधन के अपने कर्मचारियों के प्रबंधन पर सवाल उठ रहे हैं।
सोमवार शाम यहां कार्यरत सफाई कर्मचारी अपने प्रबंधन के खिलाफ संस्थान गेट के बाहर एक दिवसीय सांकेतिक धरना प्रदर्शन कर रहे हैं जिसमें झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री सह झारखंड मजदूर यूनियन के केंद्रीय अध्यक्ष दुलाल भुइयां अपनी टीम के साथ सहयोग कर रहे हैं। यहां कार्यरत कर्मचारियों का आरोप है कि वे पिछले 30 वर्षों से एक्सएलआरआई में कार्यरत हैं। पहले संस्थान के अधिकारी तीन वर्ष में ही उन्हें स्थायी कर देते थे लेकिन 2007 में अचानक से उन्हें एक्सएलआरआई के पे-रोल से हटाकर गुप्त रूप से निजी कंपनी के पे-रोल पर भेज दिया। वर्ष 2018 में संस्थान के पूर्व डीन ने कर्मचारियों को लिखित में आश्वासन दिया था कि किसी भी कर्मचारी को काम से नहीं हटाया जाएगा और पूर्व के नियमों के तहत उन्हें नियोजित भी किया जाएगा। लेकिन इसके बावजूद सफाई कर्मचारियों को काम से बैठा जा रहा है।
ये है कर्मचारियों की नाराजगी की खास वजह
कर्मचारियों की माने तो पहले उनके 30 साथियों को काम से बैठाया। इनमें वैसे कर्मचारी भी शामिल हैं जो स्थायी होने के इंतजार में थे। कुछ दिनों के बाद 15 और कर्मचारियों को काम से बैठा दिया गया। इस मामले में सफाई कर्मचारियों ने उप श्रमायुक्त से भी शिकायत की तो उन्होंने भी संस्थान प्रबंधन से पूरे मामले में जवाब मांगा और त्रिपक्षीय वार्ता के लिए आमंत्रित किया। लेकिन पांच बैठकों में संस्थान की ओर से कोई नहीं पहुंचा, बस उनका जवाब भेज दिया गया। ऐसे में कर्मचारी नाराज हैं और वे अब आर-पार की लड़ाई का मन बना चुके हैं।