सोअनम की कहानी लिखें प्रतियोगिता में देवेश, अनिंदिता, राजश्री व रोशन रहे श्रेष्ठ, फिल्मों में मिल सकता कहानी लिखने का मौका
झारखंड में फिल्म निर्माण से जुड़ी प्रतिभाओ को मंच प्रदान करते हुए कला-संस्कृति को बढ़ावा देने के उदेश्य से सोअनम संस्था ने सोअनम कला संगम-2 के तहत आयोजित पांचवां कार्यक्रम झारखंड राज्यस्तरीय आनलाइन प्रतियोगिता कहानी लिखें प्रतियोगिता के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं
जमशेदपुर, जासं। झारखंड में फिल्म निर्माण से जुड़ी प्रतिभाओ को मंच प्रदान करते हुए कला-संस्कृति को बढ़ावा देने के उदेश्य से सोअनम संस्था ने सोअनम कला संगम-2 के तहत आयोजित पांचवां कार्यक्रम झारखंड राज्यस्तरीय आनलाइन प्रतियोगिता कहानी लिखें प्रतियोगिता के परिणाम घोषित कर दिए गए हैं। इसमें पूरे राज्य से कुल 58 प्रविष्टि प्राप्त हुई थी, जो पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रांची, पाकुड़, धनबाद, लातेहार, लोहरदगा व पलामू जिले से थीं।
कहानी लिखें प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में शामिल शहर की सुप्रसिद्ध कथाकार डा. जूही समर्पिता व सुधा गोयल ने जिन्हें विजेता चुना, उसमें पुरुष-वरिष्ठ वर्ग से देवेश कुमार (कहानी -पिटी ड्रेस), महिला-वरिष्ठ वर्ग से अनिंदिता बोस (कहानी-परवरिश), महिला-कनिष्ठ में कुमारी राजश्री (कहानी– और उस रात) व
पुरुष-कनिष्ठ वर्ग में रोशन कुमार (कहानी– निर्णायक पल) शामिल रहे।
संस्था के अध्यक्ष नंदकुमार सिंह ने बताया कि सभी विजेताओं को प्रशस्ति पत्र व पुरस्कार राशि प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। इन सभी कथाकारों के साथ भविष्य में कार्यशाला व गोष्ठी आयोजित कर उन्हें फ़िल्मों के लिए कहानी लिखने का अवसर प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही राज्य भर के नवोदित कलाकारों को भी संस्था द्वारा अवसर प्रदान किया जाएगा।
इस आनलाइन प्रतियोगिता को सफल बनाने में अध्यक्ष नंदकुमार सिंह, कार्यक्रम समन्वयक राजेश कुमार, मनोज कुमार, अमित कुमार सिंह, सुशांत कुमार, सोमनाथ चक्रवर्ती, संजय दत्ता, सुमित मित्तल व सीता सिंह ने सक्रिय भूमिका निभाई।ज्ञात हो कि जमशेदपुर की सोअनम संस्था कला-संस्कृति को प्रोत्साहित करने के लिए समय-समय पर इस तरह के आयोजन करती रहती है।