Brutal Murder : महिला के प्रेमी की पत्थर से कुचलकर बेरहमी से हत्या, शव से लिपटकर रातभर रोती रही प्रेमिका
Murder in love affairs. जमशेदपुर में शादीशुदा महिला से प्रेम करना एक व्यक्ति को महंगा पड़ा। उसे महिला के परिजनों ने साथ में घर में देख लिया और पत्थर से कुचलकर मार डाला। महिला को हत्या की जानकारी मिली तो वह शव से लिपटकर रातभर रोती रही।
जमशेदपुर, जासं। जमशेदपुर शहर से सटे कपाली थाना क्षेत्र के पुरीसिली गांव में शादी-शुदा महिला से अवैध संबंध के कारण महिला के देवर समेत तीन लोग महिला के प्रेमी को घर से 200 मीटर की दूरी तक घसीटते हुए झाड़ी की ओर ले गए। वहां पत्थर से कूचकर हत्या कर दी। जानकारी पर महिला अपने प्रेमी के शव के साथ लिपट कर पूरी रात रोती रही।
घटना सोमवार मध्य रात की है। मंगलवार को कपाली थाना की पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर मृतक का शव बरामद किया जिसकी पहचान सोमा मांझी के रूप में की गई वह हाइवा चालक था। पुलिस हत्या के मामले में महिला के देवर लुगाई मांझी समेत तीन अन्य की तलाश कर रही है। पुलिस को पूछताछ में जानकारी मिली कि सोमा मांझी का पड़ोस की शादी-शुदा महिला से अवैध संबंध था। महिला के घर में सोमा मांझी को देख को महिला के देवर समेत तीन लोग ले गए और उसकी हत्या कर दी। घर से पुलिस ने खून के नमूने एकत्र किए हैं।
देवर ने महिला को देखा था सोमा के साथ
महिला ने पुलिस को बताया कि रविवार को उसे सोमा मांझी के साथ देवर ने देखा था। इसके बाद सोमा मांझी से विवाद हुआ था। ग्रामीणों ने भी उसे चेताया था। मारपीट की गई थी। सोमवार की रात वह घर में सोयी थी। जानकारी मिली कि सोमा मांझी की हत्या कर दी गई। वह बचा नहीं पाई।
हत्या के बाद महिला के परिजन फरार
मृतक चांडिल अनुमंडल के नीमडीह थाना क्षेत्र टेंगाडीह का रहनेवाला था। वह कपाली के पुरीसिली में किराये के मकान में रहता था। फिलहाल हत्या के बाद से महिला के देवर और पति समेत अन्य फरार हैं। कपाली थाना प्रभारी विजय यादव ने बताया कि मामला अवैध संबंध का ही है।