सिंदूर खेल के साथ महिलाओं ने की मां दुर्गा को विदाई, प्रतिमाओं का हुआ विसर्जन
Durga Puja. विजयादशमी के दिन सिंदूर खेल के साथ महिलाओं ने मां दुर्गा को विदाई दी । सोमवार को मां दुर्गा को विदाई दी गई। सुबह से ही शहर के पंडालों में महिला श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। इसबार कोविड की वजह से पूजा सादगी से हुई।
जमशेदपुर, जासं। विजयादशमी के दिन सिंदूर खेल के साथ महिलाओं ने मां दुर्गा को विदाई दी । सोमवार को मां दुर्गा को विदाई दी गई। सुबह से ही शहर के पंडालों में महिला श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। हाथ में सिंदूर, प्रसाद समेत अन्य सामग्रियों के साथ महिलाएं कतारबद्ध होकर मंदिरों व पंडालों में पहुंच गई थी।
यहां मां दुर्गा को पूजा -अर्चना करने के बाद मां का पैर छूकर प्रणाम किया। साथ ही सिंदूर लगाकर मां को नम आंखों से विदाई दी गई। मां को सिंदूर लगाने के बाद उपस्थित महिला श्रद्धालु एक -दूसरे को लंबी सिंदूर लगाया। मान्यता है कि लंबी सिंदूर लगाना पति के दीर्घायु की कामना होती है। कोविड-19 के मद्देनजर शहर में नौ दिनों तक मां दुर्गा की सादगीपूर्ण तरीके से पूजा का आयोजन किया गया।
टेल्को क्षेत्र की प्रतिमाओं का स्वर्णरेखा नदी में विसर्जन
सोमवार को पंडालों में स्थापित मां दुर्गे की प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। टेल्को श्रीराम मंदिर, डी रोड, ट्रक पार्क, हुडको, मनीफीट, जेम्को, खड़ंगाझार आदि पंडालों का विसर्जन मानगो स्वर्ण रेखा नदी में किया गया। जुलूस की शक्ल में श्रद्धालु मां का जयकारा लगाते हुए विसर्जन स्थल पर पहुंचे तथा वहां नम आंखों से मां की विदाई दी।